बीड जिला: अपराधों से बढ़ी चिंता, आष्टी में जुआरियों पर शिकंजा, गेवराई में किसानों के सोलर पंप चोरी तो परली में मोबाइल शॉपी पर सेंधमारी

अपराधों से बढ़ी चिंता, आष्टी में जुआरियों पर शिकंजा, गेवराई में किसानों के सोलर पंप चोरी तो परली में मोबाइल शॉपी पर सेंधमारी
  • गेवराई में एक रात में 10 किसानों की सोलर मोटरों की वायर चोरी
  • आष्टी में जुआरियों और अवैध शराब विक्रेताओं पर चार जगह कार्रवाई
  • परली वैद्यनाथ में मोबाइल शॉपी से 70 मोबाइल और नकदी चोरी
  • गेवराई में सोलर पंप चोरी से किसान परेशान

डिजिटल डेस्क, बीड। गेवराई तहसील में खेतों से सोलर मोटर पंप, तांबे की केबल और सोलर प्लेट चोरी होने की घटनाएं बढ़ रही हैं। कोलगांव, धोंडराई, उमापुर, चकलंबा, सिरसदेवी, गढ़ी, मादलमोही और तलवाड़ा परिसर में एक ही रात में 10 किसानों की सौर मोटरों की वायर चोरी हुई थी। सिंचाई के लिए सोलर पंप पर निर्भर किसानों को इन चोरियों से आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। केबल चोरी होने से सिंचाई व्यवस्था ठप हो रही है और फसलें सूखने का खतरा बढ़ गया है। किसानों ने पुलिस से रात की गश्त बढ़ाने और चोरियों पर अंकुश लगाने की मांग की है।

आष्टी में अवैध धंधों पर पुलिस की कार्रवाई

उधर आष्टी पुलिस ने एक ही दिन में चार स्थानों पर कार्रवाई कर जुआरियों और अवैध शराब विक्रेताओं के खिलाफ मामले दर्ज किए। जिला परिषद स्कूल के पीछे तिरट जुआ खेलते हुए पांच लोगों को पकड़ा गया। उनके पास से मोबाइल और जुआ सामग्री सहित 27 हजार 800 रुपये का माल जब्त किया गया। चोभा निमगांव के होटल कालेश्वरी से 5,100 रुपये, नांदा के होटल रणवारा से 11,560 रुपये और मांडवा की विराज किराना दुकान से 1,250 रुपये का माल जब्त किया गया। इन तीनों स्थानों पर अवैध शराब बिक्री के मामले में क्रमशः सूरज सुभाष मुरकुटे, राजेंद्र बापूराव काले और सचिन नवनाथ मुटकुळे के खिलाफ मामले दर्ज किए गए। पुलिस उपअधीक्षक भारत पांढरे के नेतृत्व में हुई कार्रवाई का नागरिकों ने स्वागत किया है।

परली वैद्यनाथ में मोबाइल शॉपी में सेंधमारी

इधर परली वैद्यनाथ के राणी लक्ष्मीबाई टॉवर परिसर स्थित ‘न्यू आर्यन मोबाइल शॉपी’ में अज्ञात चोर ने सेंधमारी कर 70 मोबाइल फोन और नकदी चुरा ली। चोर दुकान की छत का लोहे का पत्रा उखाड़कर अंदर घुसा और मरम्मत के लिए रखे मोबाइल लेकर फरार हो गया। सुबह दुकान खोलने पहुंचे संचालक को चोरी का पता चला। घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। व्यस्त इलाके में राष्ट्रीयकृत बैंक के बगल में हुई इस चोरी से व्यापारियों में दहशत है। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश कर रही है। चोरी गए सामान की कुल कीमत जांच के बाद स्पष्ट होगी।

Created On :   4 Oct 2026 6:42 PM IST

Tags

Next Story