भंडारा: बपेरा-तुमसर मार्ग पर हादसा - महिला घायल, गड्ढे के कारण फिसल गया दोपहिया वाहन

बपेरा-तुमसर मार्ग पर हादसा - महिला घायल, गड्ढे के कारण फिसल गया दोपहिया वाहन
  • सड़क हादसे में महिला घायल
  • दोपहिया का संतुलन बिगड़ा

डिजिटल डेस्क, सिहोरा(भंडारा)। तुमसर तहसील के बपेरा-तुमसर मार्ग पर पड़े अनगिनत गड्‌ढों के कारण आए दिन हादसे हो रहे है। इसी तरह रविवार,18 फरवरी को दोपहर करीब 3 बजे सिंदपुरी परिसर के एक ढाबे के पास बने गड्‌ढे में दोपहिया फंसने के कारण फिसलने से दोपहिया सवार एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। जबकि महिला का पति व दो बच्चे बाल-बाल बचे है। घायल महिला का नाम राणू राजेंद्र ठाकरे (33) बताया गया है। जानकारी के अनुसार मध्यप्रदेश के बरबसपुरा निवासी राजेंद्र ठाकरे रविवार को अपनी दोपहिया क्रमांक एमएच 49 एम 4830 से पत्नी राणू व दो बच्चों के साथ नागपुर जा रहे थे। बपेरा-तुमसर मार्ग पर सिंदपुरी के पास गड्‌ढे में दोपहिया धंसने से दोपहिया का संतुलन बिगड़कर सभी नीचे सड़क पर गिरे। जिसमें राणू गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद घायल महिला को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में ले गए। जहां इलाज चल रहा है। गौरतलब है कि कुछ महीने के पूर्व इस मार्ग के निर्माण कार्य के लिए परिसर के नागरिकों ने आंदोलन किया था। किंतु अब तक इस मार्ग की मरम्मत की ओर अनदेखी की जा रही है। जिसके कारण नागरिकों द्वारा रोष व्यक्त किया जा रहा है। दो राज्य को जोडनेवाला बपेरा-तुमसर मार्ग गड्‌ढे के कारण मृत्यु मार्ग बन गया है। क्षमता से अधिक भारी वाहन इस मार्ग से आवाजाही के कारण इस मार्ग की दुरावस्था हो गई है, मात्र इस ओर संबंधित विभाग अनदेखी करने से मार्ग पर आए दिन हादसे हो रहे हंै। संबंधित विभाग किसी बडी दुर्घटना होने की प्रतीक्षा कर रहे है क्या? ऐसा सवाल नागरिक कर रहे है।

चुराई मशीन की चपेट में आने से युवा किसान की मृत्यु

उधर पवनी में अपने खेत में मटर फसल की मशीन के जरिए चुराई करते समय युवा किसान का हाथ मशीन की चपेट में आ गया। मशीन के अधिक प्रेशर से उसका शरीर कमर तक मशीन में घुस गया। इस भीषण हादसे में युवा किसान की मौके पर ही मृत्यु हो गई। मृतक युवा किसान का नाम पवनी तहसील के ग्राम रनाला निवासी सुरेश दयाराम वैरागडे(35) बताया गया है। यह दुर्घटना सोमवार,19 फरवरी को दोपहर करीब 12 बजे घटी। जानकारी के अनुसार सुरेश वैरागडे यह अपने खेत में मटर फसल की मशीन द्वारा चुराई कर रहे थे। दोपहर करीब 12 बजे मशीन पर काम रहा मजदूर पानी पिने के लिए मशीन से नीचे उतर गया। मजदूर के नीचे उतरते ही चंद पल के लिए खेत मालिक किसान खुद चुराई मशीन में चढ़कर काम करने लगा। तभी अचानक उसका हाथ मशीन में आ गया। चुराई मशीन का प्रेशर अधिक होने से उसका शरीर कमर तक मशीन में घुस गया। जिसमंे किसान की मृत्यु हुई। इस घटना की जानकारी पवनी पुलिस को दी गई। इस मामले में पवनी पुलिस ने धारा 174 के तहत मर्ग दाखिल किया है। आगे की जांच पुलिस निरीक्षक नरेंद्र निस्वादे के मार्गदर्शन में पवनी पुलिस कर रही हंै।

Created On :   20 Feb 2024 11:17 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story