Bhandara News: भंडारा में 80 दिन बाद भी नहीं मिल रहे सिलेंडर, लेकिन डिलीवरी और सब्सिडी जमा के आ रहे मैसेज

भंडारा में 80 दिन बाद भी नहीं मिल रहे सिलेंडर, लेकिन डिलीवरी और सब्सिडी जमा के आ रहे मैसेज
कालाबाजारी का आरोप, 37 गांवों के 7338 उपभोक्ता प्रभावित

Bhandara News तुमसर तहसील के गोबरवाही क्षेत्र में रसोई गैस वितरण व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। पहले से जारी अनियमितताओं के बीच शासन द्वारा लागू नए स्लैब ने ग्रामीण उपभोक्ताओं की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। नियमों के अनुसार ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिन और शहरी क्षेत्रों में 25 दिन में गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जाना चाहिए, लेकिन हकीकत इससे बिल्कुल अलग है। यहां ग्रामीणों को 75 से 80 दिन तक इंतजार करना पड़ रहा है, इसके बावजूद भी उन्हें समय पर सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है।

गांवों में बड़े और संयुक्त परिवार होने के बावजूद लंबा इंतजार ग्रामीणों के साथ भेदभाव के रूप में देखा जा रहा है। इस मुद्दे को लेकर जिला परिषद सदस्य कृष्णकांत बघेल ने आपूर्ति विभाग और गैस एजेंसी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने शीतल गैस एजेंसी को पूरी तरह वितरण में विफल बताया है। क्षेत्र के 37 गांवों के 7338 उपभोक्ता इस समस्या से प्रभावित हैं।

गैस की कमी का हवाला देकर एजेंसी ने होम डिलीवरी सेवा भी बंद कर दी है, जिससे सबसे अधिक परेशानी वृद्ध, दिव्यांग और असहाय लोगों को हो रही है, जो एजेंसी तक पहुंचने में असमर्थ हैं। चौंकाने वाली बात यह है कि जिन उपभोक्ताओं को सिलेंडर नहीं मिला, उनके मोबाइल पर डिलीवरी और सब्सिडी जमा होने के संदेश पहुंच रहे हैं। इससे फर्जी डिलीवरी का मामला सामने आ रहा है। साथ ही सिलेंडर ऊंचे दामों पर बेचे जाने की शिकायतें भी मिल रही हैं, जिससे ग्रामीण जनता की मुश्किलें और बढ़ गई है।

मामले की जांच की जाए : 1 अप्रैल 2026 को गोबरवाही में गैस वितरण हुआ। फिर सीधे 21 अप्रैल 2026 को वितरण हुआ। इस दौरान होम डिलीवरी नहीं दी गई। होम डिलीवरी भी नहीं दी जा रही है। ओटीपी की सही जांच किए बिना सिलेंडर बांटे जा रहे हंै। इस पूरे मामले की जांच करनी चाहिए। अगर जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो क्षेत्र की जनता के साथ मिलकर कालाबाजारी और अनियमितता के खिलाफ जनआंदोलन छेड़ा जाएगा। - कृष्णकांत बघेल, जि.प. सदस्य


Created On :   23 April 2026 3:24 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story