- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- भंडारा
- /
- भंडारा में बेटे के सामने ही पिता को...
Bhandara News: भंडारा में बेटे के सामने ही पिता को जंगल में घसीट ले गया बाघ, गई जान
Bhandara News बेटे की आंखों के सामने बाघ उसके पिता को घसीटते हुए जंगल में ले गया, जिससे उनकी मौत हो गई। यह घटना गोबरवाही पुलिस थाना क्षेत्र के हेटी जंगल में मंगलवार, 7 जुलाई को दोपहर करीब 1.30 बजे हुई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। मृतक की पहचान हेटी निवासी बेनीराम लक्ष्मण राऊत (55) के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, हेटी निवासी बेनीराम राऊत अपने बेटे विजय राऊत (35) के साथ रोजाना की तरह मवेशी चराने जंगल गए थे। इसी दौरान झाड़ियों मेंे घात लगाए बैठे बाघ ने अचानक बेनीराम पर हमला कर दिया और उन्हें घसीटते हुए जंगल के भीतर ले गया। यह पूरी घटना उनके बेटे की आंखों के सामने हुई, लेकिन वह कुछ नहीं कर सका।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौके पर पहुंचे और पंचनामा कर आगे की कार्रवाई शुरू की। घटना की खबर फैलते ही गोबरवाही एवं आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। घटना के बाद गोबरवाही सहित आसपास के गांवों में भय का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से मृतक के परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता देने तथा जंगल से सटे क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने व बढ़ती वन्यजीव गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण की मांग की है।
परिजनों को आर्थिक सहायता दी जाएगी : "प्राथमिक जांच में घटनास्थल पर मिले पगमार्क और हमले के निशानों से प्रतीत होता है कि, व्यक्ति की मृत्यु बाघ के हमले में हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार मृतक के परिजनों को आर्थिक सहायता प्रदान करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।’ - छगनलाल रंहागडाले, वनपरिक्षेत्र अधिकारी, तुमसर
जल्द से जल्द बाघ को पकड़ा जाए : "इस परिसर में बाघ के हमले से किसी व्यक्ति की मौत की यह पहली घटना है। वन विभाग जल्द से जल्द बाघ को पकड़ने की कार्रवाई करे। मृतक के परिजनों को तत्काल आर्थिक सहायता प्रदान की जाए तथा जंगल क्षेत्र में कैमरे और वन विभाग की गश्त बढ़ाई जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।’ - कृष्णकांत बघेल, जिला परिषद सदस्य, गोबरवाही
Created On :   8 July 2026 1:05 PM IST

















