- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- भंडारा
- /
- उपाध्यक्ष के बाद अब लाखनी की...
Bhandara News: उपाध्यक्ष के बाद अब लाखनी की नगराध्यक्ष ने गंवाया पद

Bhandara News लाखनी नगर पंचायत की नगराध्यक्ष त्रिवेणी मनोज पोहरकर के खिलाफ मंगलवार, 7 जुलाई को अविश्वास प्रस्ताव पारित हो गया है। इससे एक दिन पहले, सोमवार, 6 जुलाई को उपाध्यक्ष लता रमेश रोडे को उनके पद से हटा दिया गया था। लाखनी नगर पंचायत में महज 24 घंटे में नगराध्यक्ष और उपाध्यक्ष को अपना पद गंवाना पड़ा हैं।
बता दें कि, नगराध्यक्ष त्रिवेणी पोहरकर और उपाध्यक्ष लता रोडे के खिलाफ 13 नगरसेवकों ने विगत 1 जुलाई को जिलाधिकारी के समक्ष अविश्वास प्रस्ताव प्रस्तुत किया था। आरोप लगाया है कि, नगराध्यक्ष और उपाध्यक्ष दोनों मनमानी कार्य कर रहे हैं। यही नहीं नगराध्यक्ष त्रिवेणी पोहरकर के के कामों में उनके पति हस्तक्षेप कर रहे थे, तो वहीं उपाध्यक्ष लता रोडे के कामों में उनके बेटे हस्तक्षेप कर रहे हैं, जिससे नगर पंचायत के विकास काम प्रभावित हो रहे है।
नगरसेवकों द्वारा लाए गए अविश्वास प्रस्ताव को लेकर उपविभागीय अधिकारी स्वाति देसाई की अध्यक्षता में विशेष सभा आयोजित की गई। सभा में कुल 14 नगरसेवकों ने अविश्वास प्रस्ताव के पक्ष में हाथ खड़ा कर मतदान किया, जबकि नगराध्यक्ष त्रिवेणी पोहरकर के समर्थन में एक भी मत नहीं पड़ा। इसके साथ ही अविश्वास प्रस्ताव बहुमत से पारित हो गया और नगराध्यक्ष को अपना पद छोड़ना पड़ा। गौरतलब है कि, लाखनी नगर पंचायत के 17 सदस्यों के लिए दिसंबर 2021 और जनवरी 2022 ऐसे दो चरणों में चुनाव हुए थे। तब राकांपा उम्मीदवार त्रिवेणी पोहरकर नगराध्यक्ष बनी।
उसी समय नगरसेवकों ने बतौर उपाध्यक्ष प्रदीप तितिरमारे का चयन किया। कुछ दिनों बाद तितिरमारे ने इस्तीफा दिया तो भाजपा की लता रोडे का उपाध्यक्ष पद पर चयन किया गया था। लेकिन नगरसेवकों ने अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पर मनमाने कार्य का आरोप लगाया। अविश्वास लाने वाले नगरसेवकों ने बताया कि नगराध्यक्ष के कामों में त्रिवेणी पोहरकर के पति हस्तक्षेप कर रहे थे। इसी तरह से उपाध्यक्ष लता रोडे के कामों में उनके बेटे हस्तक्षेप कर रहे है। जिससे नगरपंचायत के विकास काम प्रभावित हो रहे थे।
Created On :   8 July 2026 1:21 PM IST















