Bhandara News: गोसीखुर्द बांध हुआ लबालब, 245.50 मीटर तक पहुंचा जलस्तर

Bhandara News कम बारिश के कारण राज्य में सूखे जैसे हालात बने हुए हैं। ऐसे में जल नियोजन पर जोर दिया जा रहा है। पूर्व विदर्भ के भंडारा, नागपुर, चंद्रपुर और गड़चिरोली जिलोंमें पानी की किल्लत दूर करने के उद्देश्य से गोसीखुर्द बांध में जल भंडारण किया जा रहा है। मंगलवार, 13 अक्टूबर को बांध पूरी क्षमता से भर गया। इसमें 245.50 मीटर तक जलस्तर दर्ज किया गया है। कारधा में वैनगंगा नदी का जलस्तर भी इसी स्तर पर बना हुआ है।
गोसीखुर्द बांध में जल भंडारण की यह अंतिम सीमा है। परियोजना में पूरी क्षमता तक पानी जमा होने की स्थिति और इससे डूबित क्षेत्र में आने वाली जमीन का आकलन करने के लिए वर्ष 2022 में भी अंतिम जलस्तर हासिल करने का प्रयोग किया गया था। इस वर्ष राज्य में औसत से 25 प्रतिशत कम बारिश हुई है। इसके चलते राज्य सरकार ने कई जिलों में सूखा घोषित किया है और पेयजल तथा मवेशियों के चारे की व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं। इस वर्ष मानसून समाप्त हो चुका है।
ऐसे में अगली बारिश जून 2027 में होने की संभावना को देखते हुए तब तक पेयजल, खेती और मवेशियों के लिए पानी की जरूरत पूरी करने के उद्देश्य से राष्ट्रीय परियोजना गोसीखुर्द में जल भंडारण की योजना बनाई गई थी। इसके लिए बांध के सभी 33 द्वार बंद किए गए थे। धीरे-धीरे जलस्तर बढ़ने से बांध से सटे इलाकों में पानी बढ़ने लगा। मंगलवार को जिला प्रशासन ने बांध के पूरी क्षमता से भरने की जानकारी दी। बांध का अंतिम जलस्तर 245.50 मीटर है और यह स्तर हासिल कर लिया गया है। इससे बांध के किनारे बसे कुछ गांवों की सीमा तक बैकवाटर पहुंच गया है। बारिश भले ही कम हुई हो, लेकिन गोसीखुर्द में जमा पानी से भंडारा सहित पूर्व विदर्भ के चार जिलों को जलसंकट से राहत मिलने की उम्मीद है।
नुकसान रोकने के लिए समय समय पर छोड़ा जाएगा पानी : गोसीखुर्द बांध के पूरी क्षमता से भरने के बाद पानी के आगे के नियोजन को लेकर जल्द ही परियोजना के अधिकारियों के साथ बैठक होगी। इस बैठक में आपदा प्रबंधन, सिंचाई और पेयजल नियोजन के तीन प्रमुख बिंदुओं पर चर्चा की जाएगी। बांध के अंतिम जलस्तर तक पहुंचने के बाद बैकवाटर के कारण बाढ़ का खतरा पैदा न हो, इसके लिए जरूरत के अनुसार अतिरिक्त पानी समय-समय पर छोड़ा जाएगा। हालांकि, 245.50 मीटर का जलस्तर बनाए रखने का प्रयास किया जाएगा। यह जानकारी आपदा प्रबंधन अधिकारी अभिषेक नामदास ने दी।
यह भी पढ़े -भंडारा से चोरी का माल लेकर घूम रहे 4 आरोपी गिरफ्तार, टीवी- होम थिएटर-लैपटॉप-प्ले स्टेशन और धारदार हथियार बरामद
Created On :  


