- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- भंडारा
- /
- पवनी गेट बना टाइगर हॉट स्पॉट ,...
Bhandara News: पवनी गेट बना टाइगर हॉट स्पॉट , वनराज के लगातार दीदार से भारी संख्या में उमड़ रहे पर्यटक

Bhandara News उमरेड-पवनी-करांडला वन्यजीव अभयारण्य का पवनी गेट इन दिनों पर्यटकों और वन्यजीव प्रेमियों के लिए सबसे बड़ा आकर्षण बनकर उभर रहा है। यहां लगातार बाघों के दीदार से पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ रही है। अन्य गेट्स की तुलना में पवनी गेट तेजी से पहली पसंद बनता जा रहा है, जिसके चलते सफारी बुकिंग के लिए होड़ मची हुई है।
पवनी गेट की बढ़ती लोकप्रियता के पीछे एन-4 और पीटी-1 जैसे प्रभावशाली बाघों के साथ-साथ टी-20 ‘शैडो’ बाघिन की लगातार मौजूदगी मुख्य कारण मानी जा रही है। गर्मी बढ़ने के साथ वन्यजीव पानी के स्रोतों के आसपास अधिक नजर आ रहे हैं, जिससे सुबह और शाम की सफारी में पर्यटकों को बेहद करीब से बाघ देखने का रोमांचक अनुभव मिल रहा है। कई पर्यटकों ने पहली ही सफारी में बाघ के दर्शन होने पर खुशी जताई है, जिससे इस गेट की ख्याति तेजी से फैल रही है।
वन विभाग सतर्क : बढ़ती भीड़ को देखते हुए वन विभाग ने पुख्ता इंतजाम किए हैं। सफारी मार्गों पर वाहनों की संख्या नियंत्रित की जा रही है और यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि बाघों की प्राकृतिक गतिविधियों में कोई बाधा न आए। पर्यटकों को जंगल के नियमों का पालन करने की सख्त सलाह दी गई है, वहीं वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए गश्त भी बढ़ा दी गई है। उमरेड-पवनी-करांडला अभयारण्य में बढ़ता पर्यटन विदर्भ के पर्यटन क्षेत्र को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का संकेत दे रहा है।
जैव विविधता भी आकर्षण का केंद्र : पवनी गेट क्षेत्र केवल बाघों तक सीमित नहीं है, बल्कि यहां की समृद्ध जैव विविधता भी पर्यटकों को आकर्षित कर रही है। सफारी के दौरान चीतल, सांभर, नीलगाय, जंगली कुत्ते, तेंदुआ और भालू जैसे वन्यजीवों के दर्शन हो रहे हैं। वहीं पक्षी प्रेमियों के लिए यह क्षेत्र किसी स्वर्ग से कम नहीं, जहां मोर, गरुड़, सर्प गरुड़, किंगफिशर और विभिन्न जलपक्षी बड़ी संख्या में देखे जा सकते हैं। नागपुर, भंडारा, चंद्रपुर सहित राज्य और अन्य राज्यों से भी पर्यटक यहां पहुंच रहे हैं।
पर्यटन से स्थानीयों को मिल रहा रोजगार : पर्यटकों की बढ़ती संख्या से पवनी क्षेत्र में स्थानीय रोजगार को भी बढ़ावा मिला है। रिसॉर्ट, होटल व्यवसाय, जिप्सी चालक और गाइड्स की आय में वृद्धि देखी जा रही है। सोशल मीडिया पर बाघों के वीडियो और तस्वीरें वायरल होने से पवनी गेट अब ‘हॉट डेस्टिनेशन’ के रूप में तेजी से पहचान बना रहा है।
Created On :   29 April 2026 2:58 PM IST














