Rhythm 2K26: रबीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय में संस्कृति, सृजन और उत्साह का संगम- "रिदम 2K26” का शानदार आगाज़

रबीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय में  संस्कृति, सृजन और उत्साह का संगम- रिदम 2K26” का शानदार आगाज़
शोभायात्रा, प्रस्तुतियों और प्रतियोगिताओं में झलकी युवाओं की रचनात्मकता और परंपरा

भोपाल। रबीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय में आयोजित वार्षिक सांस्कृतिक महोत्सव “रिदम 2के26” का शुभारम्भ भव्य चल समारोह और ढोल-धमाकों के साथ हुआ। यह शोभायात्रा पूर्णतः थीम आधारित रही, जिसमें विद्यार्थियों ने पारंपरिक एवं राजसी वेशभूषा के माध्यम से भारतीय संस्कृति की विविधता को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया।

प्रशासनिक भवन से शारदा सभागार तक निकले इस चल समारोह में उत्साह और ऊर्जा का अद्भुत संगम देखने को मिला। रंग-बिरंगे परिधानों, आकर्षक झांकियों और सांस्कृतिक अभिव्यक्तियों ने सभी का ध्यान आकर्षित किया। विद्यार्थियों के साथ संकाय सदस्यों की सहभागिता ने आयोजन को और भी गरिमामय बना दिया।

उद्घाटन अवसर पर दीप प्रज्वलन, गणेश वंदना और अतिथियों के उद्बोधन के साथ कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत हुई। इसके पश्चात विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने वातावरण को संगीतमय और उत्साहपूर्ण बना दिया।

महोत्सव के अंतर्गत 30 मार्च को ‘बौद्धिक प्रतियोगिता’, ‘मानव कैनवास (बॉडी एवं फेस पेंटिंग)’, ‘द मेट देसी (राजसी संस्करण फैशन शो)’ और ‘फोकस ऑन अर्थ (प्रकृति छायांकन)’ जैसे कार्यक्रम आयोजित हुए।

आगामी 1 अप्रैल को ‘पृथ्वी रक्षक (नुक्कड़ नाट्य प्रतियोगिता)’, ‘क्रिएटिव एक्सप्रेशन – मेरा राज्य’, ‘रंग उत्सव’, ‘बिना अग्नि पाक कला’, ‘एआई इनोविजन’ तथा ‘कैड डिज़ाइन’ जैसे कार्यक्रम होंगे। वहीं 2 अप्रैल को ‘ताल तरंग (समूह नृत्य)’, ‘रंग-ए-हीना’, ‘रोबो रेस’, ‘आइडियाथॉन’ सहित विभिन्न सांस्कृतिक एवं तकनीकी गतिविधियाँ आयोजित की जाएंगी।

Created On :   30 March 2026 11:28 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story