राज्यसभा चुनाव: भाजपा ने जारी की राज्यसभा उम्मीदवारों की नई सूची, मध्यप्रदेश में इन तीन नए चेहरों को दिया मौका, जानें इसके मायने

भाजपा ने जारी की राज्यसभा उम्मीदवारों की नई सूची, मध्यप्रदेश में इन तीन नए चेहरों को दिया मौका, जानें इसके मायने
  • भाजपा ने जारी की राज्यसभा उम्मीदवारों की नई सूची
  • केंद्रीय मंत्री एल. मुरुगन समेत इन नेताओं के नाम शामिल
  • 27 फरवरी को होना है चुनाव

डिजिटल डेस्क, भोपाल। मध्यप्रदेश की पांच राज्यसभा सीटों पर 27 फरवरी में चुनाव होने हैं। उम्मीदवारों के नामांकन करने की तारीख गुरुवार है लेकिन अभी तक एक भी नामांकन पेश नहीं हुआ है। इस बीच बुधवार को भाजपा ने राज्यसभा चुनाव के लिए अपने 5 उम्मीदवारों की सूची जारी की। जिनमें से पार्टी ने चार को मध्यप्रदेश से उम्मीदवार बनाया है। इन चार में से केंद्रीय मंत्री एल मुरुगन को छोड़ दिया जाए तो तीन नाम ऐसे हैं जिनका राष्ट्रीय स्तर की राजनीति कोई खास पहचान नहीं है। हालांकि मध्यप्रदेश की सियासत में यह कद्दावर नेताओं की श्रेणी में आते हैं। आईए जानते हैं कौन हैं ये नेता और किस वजह से पार्टी ने इन पर दांव लगाया है।

उमेश नाथ महाराज

पहले उम्मीदवार हैं उमेश नाथ महाराज जो कि ‘वाल्मिकि’ समाज से आते हैं। नाथ उज्जैन के वाल्मीकी धाम आश्रम के प्रमुख पीठाधीश्वर हैं। देश के बड़े-बड़े नेता इनका आशीर्वाद लेने आते हैं। हाल ही में गृह मंत्री अमित शाह और आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत जैसे बड़े नाम इनका आशीर्वाद ले चुके हैं। बता दें कि गृहमंत्री अमित शाह ने इनके साथ सिंहस्थ में समरसता का स्नान भी किया था। जन्म लेते ही नाथ के परिवार ने उन्हें महायोगी गोरक्षनाथ को अर्पित कर दिया था। उमेश नाथ महाराज वर्ष 1964 से ही संन्यासी हैं। इन्हें मध्य प्रदेश और राजस्थान के प्रथम राजकीय अतिथि का भी दर्जा प्राप्त हुआ है।

माया नरोलिया

माया नरोलिया का मध्यप्रदेश की राजनीति में बड़ा प्रभाव है। माया नरोलिया नर्मदापुरम की निवासी हैं। नरोलिया प्रदेश में भाजपा की महिला मोर्चा की अध्यक्ष हैं और पहले नर्मदापुरम से नगरपालिका अध्यक्ष भी रह चुकी हैं। वह काफी लंबे समय से पार्टी के लिए जमीनी स्तर पर काम कर रही है। उनके इसी गुण से प्रभावित होकर बीजेपी आलाकमान ने उन्हें राज्यसभा भेजने का निर्णय लिया है। साथ ही ऐसा करके बाजेपी ने महिलाओं को आगे बढ़ाने का संदेश देने की भी कोशिश की है, जिससे आने वाले लोकसभा चुनाव में महिला वोटरों को लुभाया जा सके।

बंसीलाल गुर्जर

बंसीलाल मध्यप्रदेश के मंदसौर के रहने वाले हैं। इन्होंने अपनी राजनीतिक पारी की शुरुआत सरपंच पद से की थी। किसान समुदाय में इनका अच्छा प्रभाव है, जिसके चलते साल 2016 में मध्यप्रदेश सरकार ने इन्हें किसान कल्याण आयोग का अध्यक्ष भी बनाया था। गुर्जर जनपद सदस्य, जिला पंचायत सदस्य और कृषि उपज मंडी अध्यक्ष जैसे पदों पर रहे बंसीलाल फिलहाल भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष हैं।बता दें कि मध्यप्रदेश विधानसभा में भाजपा विधायकों के संख्या बल को देखते हुए 5 में से 4 सीटें उसके खाते में जाने की संभावना है। वहीं एक सीट पर कांग्रेस की जीत पक्की नजर आ रही है।

Created On :   14 Feb 2024 7:45 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story