मध्यप्रदेश: पर्यटन हेलीकॉप्टर सेवा 1 नवंबर से, 20 नवंबर से तीन सेक्टर में नियमित उड़ान, इंट्रा स्टेट कनेक्टिविटी वाला देश का पहला राज्य बना मप्र

पर्यटन हेलीकॉप्टर सेवा 1 नवंबर से, 20 नवंबर से तीन सेक्टर में नियमित उड़ान, इंट्रा स्टेट कनेक्टिविटी वाला देश का पहला राज्य बना मप्र
सेक्टर 3 में जबलपुर-बांधवगढ़-कान्हा के बीच शुरु होगी सेवा

डिजिटल डेस्क, भोपाल। मध्यप्रदेश के 70वें स्थापना दिवस पर प्रदेश में पर्यटन के क्षेत्र में हेलीकॉप्टर सेवा शुरु की जा रही है। 1 नवंबर को भोपाल के राजा भोज एयरपोर्ट से पीएम श्री हवाई पर्यटन हेली सेवा शुरु होगी।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव इसे हरी झंडी दिखाएंगे। हेलीकॉप्टर सेवा का संचालन प्रत्येक सेक्टर में सप्ताह में 5 दिन होगा। सेवा संचालन के लिए सेक्टर-1 में मेसर्स ट्रांस भारत एविएशन व सेक्टर-2 और सेक्टर-3 में मेसर्स जेट सर्व एविएशन प्राइवेट लिमिटेड के साथ 3 साल के लिए अनुबंध किया है। प्रारंभिक चरण में निजी ऑपरेटर द्वारा प्रत्येक सेक्टर में हेलीकॉप्टर चलाए जाएंगे, जिनमें कम से कम छह यात्री सीटें होंगी। सेक्टर 1 में इंदौर – उज्जैन – ओंकारेश्वर, सेक्टर 2 में भोपाल – मढ़ई – पचमढ़ी और सेक्टर 3 में जबलपुर – बांधवगढ़ – कान्हा में सेवा दी जाएगी। फ्लैगऑफ़ के साथ तीनों हेलीकॉप्टर उज्जैन के लिए उड़ान भरेंगे। हेलीकॉप्टर की नियमित उड़ाने 20 नवंबर से शुरु होगी। लोक-निजी भागीदारी (पीपीपी) मॉडल के तहत यह सेवा मध्यप्रदेश के पर्यटन को नई उड़ान देगी।

शुभारंभ अवसर पर केंद्रीय नागर विमानन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू, भारत के विधि और न्याय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अर्जुन राम मेघवाल, पर्यटन, संस्कृति एवं धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मेंद्र भाव सिंह लोधी भी मौजूद रहेंगे। अपर मुख्य सचिव पर्यटन, संस्कृति, गृह और धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व शिव शेखर शुक्ला ने कहा कि प्रदेश, देश में इंट्रा स्टेट एयर कनेक्टीविटी वाला पहला राज्य है। यह पहल प्रदेश को एक नए पर्यटन आयाम की ओर अग्रसर करेगी, जिससे राज्य के एडवेंचर, हेरिटेज, और स्पिरिचुअल टूरिज्म को नई पहचान मिलेगी तथा देशी-विदेशी पर्यटकों के लिए यात्रा अनुभव और भी समृद्ध होगा।

उप-मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल मिले केंद्रीय मंत्री से

इधर विंध्य क्षेत्र की हवाई कनेक्टिविटी अब दिल्ली और इंदौर से होने वाली है। इसका ट्रायल भी हो चुका है। रीवा एयरपोर्ट पर पहली बार एटीआर-72 विमान उतरा। विमान सफलता पूर्वक लैंडिंग करने के बाद टेक ऑफ कर रवाना हुआ। यानी अब एयरपोर्ट रेगुलर सर्विस के लिए तरह से तैयार है।

उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु से नई दिल्ली में मुलाकात कर रीवा से दिल्ली और रीवा-इंदौर हवाई सेवाओं पर चर्चा की। शुक्ल ने रीवा एयरपोर्ट से इन हवाई सेवाओं के शुभारंभ समारोह में सम्मिलित होने के लिए आमंत्रित किया। शुक्ल ने कहा कि हवाई सेवाओं से विंध्य क्षेत्र के नागरिकों को राजधानी दिल्ली एवं वाणिज्यिक केंद्र इंदौर से हवाई सुविधा मिलेगी। इससे क्षेत्र के आर्थिक, औद्योगिक एवं पर्यटन विकास को नई दिशा और गति मिलेगी।

Created On :   1 Nov 2025 8:51 PM IST

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story