UP Politics: स्वामी प्रसाद मौर्य ने बीजेपी पर गुंडा और माफियाओं के संरक्षण के लगाए आरोप, भाजपा प्रवक्ता ने किया पलटवार

डिजिटल डेस्क, लखनऊ। उत्तर प्रदेश में राजनीतिक पारा बढ़ते हुए नजर आ रहा है। जनता पार्टी चीफ स्वामी प्रसाद मौर्य ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान विवादित बयान दिया है। उन्होंने अपने बयान में कहा कि आज धर्म के कुछ ठेकेदार आतंकवाद के मार्ग पर निकल पड़े हैं। उनका आगे कहना है कि जय श्रीराम और जय बजरंग बली के नारे आज मस्जिदों, मदरसों और ईदगाहों में तोड़फोड़ कर रहे हैं। उनके लिए यह एक लाइसेंस बन गया है।
लोगों के घरों पर चल रहा बुलडोजर
जनता पार्टी प्रमुख ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ऐसे लोगों का साथ निभा रहे हैं। उनके ऊपर कार्रवाई नहीं कर रहे है बल्कि मुस्लिम समुदाय के घरों पर बुलडोजर चलवाने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि सीएम आज खुद कोर्ट की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। और निर्दोष लोगों को घर तोड़े जा रहे हैं। उनके अलावा मदरसों और मस्जिदों को ढहाने का काम किया जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि यहां तक कि दलित-आदिवासी और पिछड़े वर्ग के लोगों के घरों पर भी बुलडोजर चलाया जा रहा है।
स्वामी प्रसाद मौर्य ने बताया, "अगर कोई बीजेपी संरक्षित गुंडा, माफिया या अपराधी है तो भूलकर भी उसके घर बुलडोजर नहीं जाता। अगर सीएम की बिरादरी का कोई कुख्यात अपराधी है तो उसके घर पर बुलडोजर एक्शन नहीं होता।" उन्होंने आगे कहा, "इसी तरह फतेहपुर के मकबरे में जय श्रीराम का नारा लगाकर फावड़ा लेकर तोड़फोड़ मचाई गई, उसमें उलटे मुस्लिम समाज के लोगों पर केस दर्ज हुआ और अपराधियों को क्लीन चिट दे दी गई।"
भाजपा ने दी प्रतिक्रिया
जनता पार्टी चीफ के इस बयान पर बीजेपी प्रवक्ता आनंद दुबे ने पलटवार किया और कहा, "स्वामी प्रसाद मौर्य ने कहने को तो बौद्ध धर्म अपनाया है लेकिन दिन-रात वे सनातन का ही प्रचार करते हैं। भगवान राम का नाम लेकर ये अपना लोक और परलोक दोनों सुधार रहे हैं, लेकिन ये अपने समर्थकों और बाकी लोगों को भ्रमित करने का काम कर रहे हैं।"
Created On :   1 Nov 2025 9:43 PM IST













