MP News: चीता निर्वा के शावक की मौत, शरीर में छर्रे मिले, जांच दल गठित

भास्कर ब्यूरो, भोपाल। गत 25 अक्टूबर 2026 को प्रदेश के श्योपुर सामान्य वनमंडल की सीमा में कक्ष क्रमांक 748 के अंतर्गत चीता निर्वा के 19 माह के नर शावक (केएनजी 22) को घायल अवस्था में रेस्क्यू किया गया था, जिसका उपचार नानाजी देशमुख पशु चिकित्सा विज्ञान विवि जबलपुर के डिपार्टमेंट ऑफ वेटनरी सर्जरी एण्ड रेडियोलॉजी की टीम के द्वारा किया जा रहा था, जिसके दौरान 27 अक्टूबर 2026 को उक्त चीता की मृत्यु हो गई।
सीटी स्केन एवं चिकित्सकीय शल्यक्रिया के दौरान चीता के शव से अग्नेय शस्त्र के छर्रे (पेलेट्स) पाये गये है। इस मामले की गंभीरता को देखते हुए इस घटना की जांच हेतु वन विभाग के प्रमुख सचिव राघवेन्द्र कुमार सिंह ने एक स्पेशल टास्क फोर्स का गठन किया है जिसके अध्यक्ष प्रभारी अधिकारी स्टेट टाइगर स्ट्राइक फोर्स मप्र भोपाल बनाये गये हैं जबकि सदस्यों में शामिल किये गये हैं उप पुलिस अधीक्षक एसटीएफ पुलिस इकाई ग्वालियर, उप वनमण्डलाधिकारी कूनो वन्यजीव वनमण्डल विजयपुर तथा उप वनमण्डलाधिकारी श्योपुर क्षेत्रीय वनमण्डल विजयपुर (सदस्य सचिव)। जांच दल को घटना की सूक्ष्मता से जांच कर, जांच प्रतिवेदन सात दिवस मे राज्य शासन को प्रस्तुत करने का आदेश दिया गया है।
Created On :  
