- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- भोपाल
- /
- मप्र में मूल्य समर्थन योजना के तहत...
New Delhi News: मप्र में मूल्य समर्थन योजना के तहत होगी मूंग-उड़द की खरीद, हिंदुस्तान को विश्व का फूड बास्केट है बनाना

- कृषि मंत्री चौहान ने मूंग और उड़द खरीदी की मंजूरी दी
- रबी सीजन के पूर्व भी चलेगा विकसित कृषि संकल्प अभियानः शिवराज सिंह
New Delhi News. केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मध्यप्रदेश और उत्तरप्रदेश के किसानों को मानसून का बड़ा तोहफा दिया है। चौहान ने मंगलवार को मध्य प्रदेश में मूंग और उड़द तथा उत्तर प्रदेश में उड़द को मूल्य समर्थन योजना (पीएसएस) के तहत खरीदने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। उन्होंने खरीद से जुड़ी व्यवस्थाओं को लेकर राज्य के कृषि मंत्रियों के साथ बातचीत की और नेफेड, एनसीसीएफ व राज्य के संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कृषि मंत्री ने कहा कि मूंग और उड़द की खरीद के फैसले से केंद्र सरकार को बड़ा वित्तीय भार वहन करना पड़ेगा, लेकिन बावजूद इसके किसान हित में सरकार किसानों तक लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि यह बहुत जरूरी है कि खरीद सही तरीके से हो। किसानों से सीधे खरीद से ही बिचौलियों की सक्रियता कम होगी और लाभ सही मायनों में किसान तक पहुंच पाएगा। अधिकारियों को दिशा-निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि आधुनिकतम व कारगर प्रौद्योगिकी के इस्तेमाल के साथ किसानों के पंजीकरण की उचित व्यवस्थाएं की जाएं। आवश्यकता हो तो खरीद केंद्रों की संख्या में भी इजाफा करें व उचित और पारदर्शी व्यवस्था के साथ खरीद सुनिश्चित करें। शिवराज सिंह चौहान ने भंडारण को लेकर मिल रही अनियमितताओं की शिकायत को लेकर भी चिंता व्यक्त की और अधिकारियों व कृषि मंत्रियों को इस दिशा में ठोस कदम उठाने के प्रयास करने की बात कही। बैठक में मध्य प्रदेश के किसान कल्याण एवं कृषि विकास मंत्री एदल सिंह कंषाना, उत्तर प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, केंद्रीय कृषि सचिव देवेश चतुर्वेदी व अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।
कृषि संकल्प अभियान का लक्ष्य है हिंदुस्तान को विश्व का फूड बास्केट बनाना
केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने देशव्यापी विकसित कृषि संकल्प अभियान के अनुभव एवं इसके आधार पर भविष्य की कार्ययोजना बनाने के संबंध में कृषि वैज्ञानिकों के साथ मंगलवार को विस्तृत चर्चा की। इस दौरान उन्होंने ऐलान किया कि रबी सीजन के पूर्व भी विकसित कृषि संकल्प अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने विकसित कृषि संकल्प अभियान को स्वतंत्र भारत में अद्भुत कदम करार दिया। शिवराज सिंह चौहान ने बैठक में यह भी ऐलान किया कि अब दलहन, तिलहन, सोयाबीन, कपास, गन्ना आदि उपजवार और क्षेत्रवार कृषि विकास की कार्ययोजना बनाई जाएगी। उन्होंने कहा कि कृषि अनुसंधान के लिए अब प्राथमिकता तय की जाएगी और किसानों की आवश्यकता अनुसार काम होगा। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री ने बैठक में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ विकसित कृषि संकल्प अभियान के देशभर के नोडल अधिकारियों के प्रस्तुतीकरण को देखा। साथ ही, 29 मई से 12 जून तक चले इस अभियान के सफल आयोजन के बाद आगे की रणनीतियों पर गंभीरतापूर्वक विचार-विमर्श किया। शिवराज ने कहा कि इस अभियान के माध्यम से एक नया इतिहास रचा गया है। अभियान का लक्ष्य किसानों की आय बढ़ाना, देश की खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करना, हिंदुस्तान को विश्व का फूड बास्केट बनाना है।
Created On :   24 Jun 2025 9:25 PM IST