Chandrapur News: बुद्ध पूर्णिमा पर ताड़ोबा में होगी गणना , वन्यप्राणियों के दीदार का पर्यावरण प्रमियों को इंतजार

बुद्ध पूर्णिमा पर ताड़ोबा में होगी गणना , वन्यप्राणियों के दीदार का पर्यावरण प्रमियों को इंतजार
  • निसर्ग अनुभव-2026 की अनूठी पहल
  • 57 वॉच टावर से मिलेगा वन्यजीवों को देखने का मौका

Chandrapur News बाघों के लिए देश-विदेश में मशहूर ताड़ोबा-अंधारी व्याघ्र प्रकल्प प्रशासन की ओर से इस साल निसर्ग अनुभव-2026 नामक एक खास पहल शुरू की जा रही है, जिसके तहत प्रकृति प्रेमियों को जंगल के भीतर वॉच टावर से रातभर वन्यजीवों का निरीक्षण करने का अनोखा अनुभव मिलेगा। यह उपक्रम 1 मई को बुद्ध पूर्णिमा के अवसर पर आयोजित किया जा रहा है।

ताड़ाेबा प्रशासन ने यहां जारी विज्ञप्ति में बताया कि, इस विशेष उपक्रम के लिए इच्छुक प्रतिभागी 21 अप्रैल को सुबह 11 बजे से 22 अप्रैल शाम 5 बजे तक आधिकारिक वेबसाइट पर ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं। आवेदन करने के लिए उम्र सीमा 18 से 50 वर्ष तय की गई है। इस उपक्रम में कुल 57 वॉच टावर उपलब्ध रहेंगे और प्रत्येक टाॅवर पर अधिकतम 2 लोग ही भाग ले सकेंगे। चयन प्रक्रिया फर्स्ट कम, फर्स्ट सर्व्ड के आधार पर होगी। रजिस्ट्रेशन और शुल्क जमा होने के बाद ही सहभागिता निश्चित मानी जाएगी। पिछले वर्ष प्रति टाॅवर शुल्क 4,500 था, जिसे इस बार घटाकर 3,500 कर दिया गया है। बुकिंग के बाद किसी भी प्रकार का रद्दीकरण मान्य नहीं होगा। प्रतिभागियों के नाम में बदलाव की अनुमति नहीं होगी। 1 मई को शाम 4 बजे तक संबंधित सफारी गेट पर उपस्थित होना अनिवार्य रहेगा। समापन 2 मई को सुबह 6 बजे होगा। केवल अधिकृत वाहनों से ही आवाजाही की अनुमति होगी, निजी वाहन प्रतिबंधित रहेंगे।

पर्यावरण जागरूकता को बढ़ावा : इस पहल का मुख्य उद्देश्य लोगों में वन्यजीव संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना और जिम्मेदार इको-टूरिज्म को बढ़ावा देना है। साथ ही, यह उपक्रम जंगल के प्राकृतिक आवास में वन्यजीवों को करीब से देखने का दुर्लभ अवसर भी प्रदान करेगा। इच्छुक लोगों से समय रहते रजिस्ट्रेशन करे। क्योंकि सीटें सीमित हैं और तेजी से भरने की संभावना है। डा.प्रभु नाथ शुक्ल, वनसंरक्षक तथा क्षेत्र संचालक ताड़ोबा-अंधारी बाघ प्रकल्प, चंद्रपुर


Created On :   17 April 2026 6:50 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story