Chandrapur News: उद्योगों का विराेध नहीं लेकिन नियम तोड़ा तो होगी कड़ी कार्रवाई : पंकजा मुंडे

उद्योगों का विराेध नहीं लेकिन नियम तोड़ा तो होगी कड़ी कार्रवाई : पंकजा मुंडे
  • कहा-जनस्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ का किसी को अधिकार नहीं
  • दीर्घकालीन एक्शन प्लान का ऐलान
  • अधिकारियों काे भी दी कार्रवाई की चेतावनी

Chandrapur News चंद्रपुर एक औद्योगिक जिला है और हम उद्योगों के विरोध में नहीं हैं, लेकिन उद्योगों को नियमों के अनुसार चलना होगा। किसी को भी नागरिकों के जीवन से खिलवाड़ करने का अधिकार नहीं है। जिले में बढ़ते प्रदूषण को गंभीरता से लेते हुए चंद्रपुर के लिए पहले एक वर्ष का, फिर तीन वर्ष का और उसके बाद दीर्घकालीन प्रदूषण मुक्ति प्लान तैयार किया जाएगा, ऐसा आश्वासन पर्यावरण व वातावरणीय बदलाव तथा पशुसंवर्धन मंत्री पंकजा मुंडे ने दिया। गुरुवार को मंत्री मुंडे ने दुर्गापुर स्थित चंद्रपुर औष्णिक विद्युत केंद्र के कन्वेयर बेल्ट, बेलसणी की महामाया कोल वॉशरीज तथा घुग्घुस स्थित विदर्भ मिनरल एनर्जी कंपनी का दौरा कर प्रदूषण की प्रत्यक्ष स्थिति का निरीक्षण किया।

इस दौरान उन्होंने स्थानीय नागरिकों से संवाद भी किया। उन्होंने कहा कि विधायक सुधीर मुनगंटीवार ने विधानसभा में चंद्रपुर के प्रदूषण का मुद्दा उठाया था, उसी समय उन्होंने यहां आकर स्थिति का जायजा लेने का आश्वासन दिया था, जिसे अब पूरा किया जा रहा है। चंद्रपुर में बड़ी संख्या में उद्योग होने के कारण नागरिकों को प्रदूषण का गंभीर सामना करना पड़ रहा है और उनकी समस्याओं को समझने के लिए ही वह स्वयं यहां पहुंची हैं। इस अवसर पर विधायक सुधीर मुनगंटीवार ने कहा कि चंद्रपुर के प्रदूषण को कम करने के लिए यह दौरा महत्वपूर्ण है और कानून व नियमों के तहत ठोस निर्णय लिए जाएंगे। उन्होंने जिले में पर्यावरण से संबंधित एक जिला स्तरीय समिति गठित करने की भी बात कही। साथ ही उन्होंने दोहराया कि प्रदूषण के कारण नागरिकों में विभिन्न बीमारियां बढ़ रही हैं और किसानों की कपास पूरी तरह प्रभावित हो रही है, इसलिए कंपनियों से उचित मुआवजा दिलाया जाएगा। इस समय जिलाधिकारी वसुमना पंत, मुख्य कार्यकारी अधिकारी पुलकित सिंह, चंद्रपुर के उपविभागीय अधिकारी विशाल कुमार मेश्राम, तहसीलदार विजय पवार, महाराष्ट्र प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारी यादव आदि उपस्थित थे।

पहले चरण में झरपट और इरई नदियों को मिलेगा पुनर्जीवन योजना में स्थान दौरे के दौरान मंत्री मुंडे ने झरपट नदी का प्रत्यक्ष निरीक्षण कर प्रदूषण की गंभीर स्थिति का जायजा लिया। नदी में जमा कचरा, औद्योगिक अपशिष्ट और गंदे पानी के प्रवाह को देखते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तत्काल प्रभावी उपाययोजनाएं लागू करने के निर्देश दिए। गौरतलब है कि 24 मार्च 2026 को विधानसभा में विधायक सुधीर मुनगंटीवार ने झरपट और इरई नदी के बढ़ते प्रदूषण का गंभीर मुद्दा उठाते हुए इनके पुनर्जीवन के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की थी। मंत्री मुंडे ने इस अवसर पर बताया कि राज्य में जल्द ही नदी पुनर्जीवन प्राधिकरण की स्थापना की जाएगी और उसके पहले चरण में चंद्रपुर की झरपट व इरई नदियों को शामिल किया जाएगा। इस दौरान विधायक सुधीर मुनगंटीवार ने कहा कि केवल अस्थायी नहीं बल्कि स्थायी समाधान लागू किए जाए। इसके बाद मंत्री पंकजा मुंडे ने चंद्रपुर के पशु चिकित्सालय का भी दौरा कर वहां की सुविधाओं, स्टाफ और सेवाओं की समीक्षा की तथा नागरिकों को बेहतर और त्वरित सेवा देने के निर्देश दिए।


Created On :   17 April 2026 6:37 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story