Chhindwara news: अनूठी परंपरा... शवगृह को दीपों से किया रौशन ,औजार, पीएम टेबल, फ्रीजर की हुई पूजा

अनूठी परंपरा... शवगृह को दीपों से किया रौशन ,औजार, पीएम टेबल, फ्रीजर की हुई पूजा
जिला अस्पताल छिंदवाड़ा के शवगृह में विधी विधान से होता है लक्ष्मी पूजन

डिजिटल न्यूज़ छिंदवाड़ा

शवगृह.....जहां जिंदगी का शोर थम चुका होता है, चारों तरफ सन्नाटा, उदासी, मातम और दर्द के सिवा कुछ नहीं होता। लेकिन आज यहां चारों तरफ दीपक जगमगा रहे थे, माता लक्ष्मी का पूजन विधि विधान से हो रहा था, मानो जिंदगी फिर से रौशन करने की मन्नत मांगी जा रही हो। जी हां यह नजारा था जिला अस्पताल के शवगृह का। जहां स्टॉफ दीपों का उत्सव सालों से मनाता आ रहा है। दीपावली की रात भी यहां स्टॉफ ने औजारों, पीएम टेबल, फ्रीजर सहित अन्य उपकरणों की पूजा की। माता लक्ष्मी की विधि विधान से पूजा कर सुख समृद्धि की कामना की।

पोस्टमार्टम के लिए पदस्थ स्टाफ विनोद चौहान ने चर्चा में बताया कि हर साल वे मर्चुरी में विधी विधान के साथ लक्ष्मीपूजन करते आ रहे है। उन्हें पोस्टमार्टम करते हुए लगभग बीस साल का लम्बा वक्त बीत गया है। यहां लगभग रोजाना अपने को खो चुके लोगों की चीख पुकार और दर्द देखने को मिलता है। दिवाली पर्व पर पूजन व दीप जलाकर अपने काम के प्रति सम्मान और सुख समृद्धि की कामना की जाती है।

हम भी अपने काम को पूजते है-

विनोद चौहान और विक्की ने बताया कि दीपावली पर सभी अपने प्रतिष्ठान, दफ्तर, घर, की पूजा करते हैं। वैसे ही हम भी अपने कार्यस्थल पर लक्ष्मीपूजन के साथ पोस्टमार्टम के दौरान इस्तेमाल होने वाले औजारों के अलावा शव रखकर पीएम करने वाले टेबल और शवों को रखे जाने वाले फ्रीजर का भी पूजन करते हैं।

गुरु ने दिया हौसला, अनुभव ने मजबूत बना दिया-

लंबे समय से पीएम स्टाॅफ में शामिल विनोद चौहान सबसे सीनियर हैं। उनका कहना है कि अब इस जटिल काम का हिस्सा बनने मुश्किल से लोग आगे आते हैं। मेरे गुरु रहे गिंदू गोहर ने मुझे हौसला देकर काम के गुर सिखाए थे। चिकित्सकों के साथ काम करते हुए सालों के अनुभव ने मजबूत बना दिया।

Created On :  

Tags

Next Story