Chhindwara News: झिरीघाट में बस का ब्रेक फेल होने से हादसा, 17 यात्री घायल
डिजिटल डेस्क,छिंदवाड़ा। बालाघाट से इंदौर जा रही यात्री बस शनिवार को दमुआ के झिरीघाट में दुर्घटनाग्रस्त हो गई। बताया जा रहा है कि बस क्रमांक MP09 AT 0059 के ब्रेक फेल होने के कारण चालक बस पर नियंत्रण नहीं रख सका और बस टकरा गई। हादसे के समय बस में कुल 17 यात्री सवार थे।
दुर्घटना के बाद यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। हादसे में तीन यात्रियों को हल्की से गंभीर चोटें आईं, जबकि अन्य यात्रियों को मामूली चोटें लगीं। सभी घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दमुआ पहुंचाया गया।
108 मौके पर नहीं पहुंची, 112 ने पहुंचाया अस्पताल
घटना के बाद घायलों को अस्पताल पहुंचाने के लिए 108 एंबुलेंस मौके पर नहीं पहुंच सकी। ऐसी स्थिति में डायल 112 पुलिस वाहन की मदद से यात्रियों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दमुआ पहुंचाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने घायलों का उपचार किया। तीन यात्रियों की स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल छिंदवाड़ा रेफर किया गया, जबकि शेष यात्रियों को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। पुलिस द्वारा दुर्घटना के संबंध में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
Created On :  
