ओएचई ब्रेकडाउन: छिंदवाड़ा-परासिया ट्रैक पर थम गया रेल यातायात

छिंदवाड़ा-परासिया ट्रैक पर थम गया रेल यातायात
बिगड़ी ट्रेनों की टाइमिंग, छह घंटे देरी से पहुंची पातालकोट एक्सप्रेस

डिजिटल डेस्क,छिंदवाड़ा। ओएचई (ओवरहेड इक्विपमेंट) ब्रेकडाउन के कारण बुधवार को छिंदवाड़ा-परासिया रूट पर रेल यातायात करीब दो घंटे थमा रहा। इसके चलते इस रूट पर चलने वाली ट्रेनों की टाइमिंग गड़बड़ा गई। फिरोजपुर-सिवनी पातालकोट एक्सप्रेस करीब छह घंटे देरी से छिंदवाड़ा पहुंची। आमला-छिंदवाड़ा के बीच चलने वाली मेमू ट्रेनें भी घंटों विलंब से पहुंची। इसके अलावा सिवनी से बैतूल जाने वाली पैसेंजर ट्रेन करीब चार घंटे छिंदवाड़ा स्टेशन पर खड़ी रही। प्राप्त जानकारी के अनुसार बुधवार को सुबह करीब 8.30 बजे छिंदवाड़ा-परासिया रेलवे रूट में शिवनगर कॉलोनी रेलवे क्रासिंग पीसी-20 के पास ओएचई तार टूट गया। इससे पॉवर सप्लाई बंद हो गई और इस रूट पर रेल यातायात थम गया। टॉवर वैगन के साथ पहुंचे रेलवे के तकनीकी अमले ने सुधार कार्य प्रारंभ किया। सुबह लगभग 10.30 बजे इस रूट को रेल यातायात के लिए खोला गया।

क्या होता है ओएचई

ओएचई (ओवरहेड इक्विपमेंट) रेलवे ट्रैक के ऊपर बिछाया गया बिजली के तारों और उपकरणों का सिस्टम होता है, जिससे इलेक्ट्रिक इंजन को चलाने के लिए बिजली सप्लाई होती है। इसमें 25 हजार वोल्ट की बिजली प्रवाहित होती है।

परासिया में अटकी पातालकोट एक्सप्रेस, छिंदवाड़ा में पांच घंटे खड़ी रही बैतूल पैसेंजर:-

बुधवार को ओएचई ब्रेकडाउन का असर ट्रेनों की टाइमिंग पर पड़ा। इस सिंगल ट्रैक रूट पर सुबह से शाम तक चलने वाली सभी ट्रेनों की टाइमिंग गड़बड़ा गई। सिवनी-फिरोजपुर पातालकोट एक्सप्रेस बुधवार को विलंब से सुबह करीब ९ बजे परासिया पहुंची थी। ओएचई ब्रेकडाउन के कारण इस ट्रेन को करीब दो घंटे परासिया में ही रोककर रखा गया। सुबह लगभग ११ बजे परासिया से रवाना होकर यह ट्रेन सुबह लगभग ११.४५ बजे छिंदवाड़ा पहुुंची।

इस ट्रेन के छिंदवाड़ा पहुंचने का निर्धारित समय सुबह ५ बजे है। यहां से सिवनी रवाना होने के बाद सिवनी-फिरोजपुर पातालकोट एक्सप्रेस सुबह ९.१५ बजे के स्थान पर दोपहर ३.२५ बजे छिंदवाड़ा पहुंची और ६ घंटे से अधिक विलंब से फिरोजपुर की ओर रवाना हुई। आमला-छिंदवाड़ा मेमू ट्रेन भी करीब दो घंटे देरी से दोपहर १.२५ बजे छिंदवाड़ा पहुंची।

वहीं आमला से दोपहर ३ बजे रवाना होकर शाम ५.४५ बजे छिंदवाड़ा पहुंचने वाली मेमू ट्रेन बुधवार को शाम ६.५० बजे आमला से छिंदवाड़ा की ओर रवाना हुई। सिवनी से सुबह लगभग ७ बजे छिंदवाड़ा पहुंची पैसेंजर ट्रेन को यहां से सुबह करीब ११.५५ बजे बैतूल की ओर रवाना किया गया। इस ट्रेन के छिंदवाड़ा से बैतूल की ओर रवाना होने का निर्धारित समय सुबह ८ बजे है।

ट्रेनों के इंतजार में परेशान होते रहे यात्री

ओएचई ब्रेकडाउन के कारण ट्रेनों के घंटों विलंब से चलने से यात्रियों की परेशानी बढ़ गई। पातालकोट एक्सप्रेस के इंतजार में यात्री घंटों रेलवे स्टेशन में परेशान होते रहे। वहीं छिंदवाड़ा में घंटों खड़ी रही सिवनी-बैतूल पैसेंजर के चलने का यात्री देर तक इंतजार करते रहे। इसके बाद इस ट्रेन के कई यात्री सडक़ मार्ग से गंतव्य की ओर रवाना हो गए।

Created On :  

Next Story