छिंदवाड़ा न्यूज: भव्य आगाज, महोत्सव में दिखा आस्था और परंपरा का संगम

दैनिक भास्कर गरबा महोत्सव 2026: सेलिब्रिटी सिंगर झेलम सिंह के सुरों का बिखरा जादू, पंजाबी थीम पर प्रतिभागियों ने जमाया रंग

डिजिटल डेस्क छिंदवाड़ा। दैनिक भास्कर गरबा महोत्सव का बुधवार को नागपुर रोड स्थित मोती रॉयल पैलेस में भव्य आगाज हुआ। पूर्णत: पारिवारिक माहौल में आयोजित चार दिवसीय इस उत्सव के पहले दिन ही गरबा प्रेमियों में भारी उत्साह देखने को मिला। महोत्सव में आस्था और परंपरा का संगम नजर आया। आयोजन में सेलिब्रिटी सिंगर झेलम सिंह के सुरों का जादू बिखरा। जयो जयो मां जगदम्बे..... की धुन पर हजारों प्रतिभागियों द्वारा हाथों में दीपक लेकर महाआरती के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई। पहले दिन पंजाबी थीम पर हुए गरबा महोत्सव में आकर्षक वेशभूषा में आए प्रतिभागी गुजराती-हिन्दी व पंजाबी गीतों पर जमकर थिरके। महोत्सव में महाकौशल के सुप्रसिद्ध आर्केस्ट्रा अनुराग म्यूजिकल बैंड के सदस्यों ने सुमधुर गीत-संगीत प्रस्तुत किए। वहीं गुजरात के प्रसिद्ध रंग मिलन ग्रुप के प्रशिक्षक उपेंद्र शिकारी व टीम के निर्देशन में प्रतिभागियों ने गरबा-डांडिया किया।

पाश्र्व गायिका झेलम सिंह ने सुमधुर गीतों से बांधा समां:-

गरबा महोत्सव में बुधवार को पाश्र्व गायिका झेलम सिंह ने सुमधुर गीत प्रस्तुत कर समां बांध दिया। झेलम सिंह ने इन्धना विनवा गई थी मोरे सैयां..., उड़ी उड़ी जाए, उड़ी उड़ी जाए, दिल की पतंग देखो उड़ी उड़ी जाए...,देखा जो तुझे यार, दिल में बजी गिटार...., आ रे प्रीतम प्यारे..., घूंघट की आड़ से...सहित एक से बढक़र एक गीतों की प्रस्तुति दी, जिस पर न सिर्फ पार्टिसिपेंट्स, बल्कि ऑडियंस ने भी खूब गरबा खेला।


Created On :   15 Oct 2026 7:00 PM IST

Tags

Next Story