- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- छिंदवाड़ा
- /
- शहर में चोरों का आतंक... दो दिन में...
छिंदवाड़ान्यूज: शहर में चोरों का आतंक... दो दिन में पांच चोरियां, लाखों के जेवर पार

डिजिटल डेस्क छिंदवाड़ा।
शहर में चोरी की बढ़ती वारदातें पुिलस गश्त पर सवाल खड़े कर रही है। चोर गिरोह एक के बाद एक सूने मकानों के ताले तोड़ रहा है। दो दिनों में पांच मकानों के ताले तोड़कर चोर लाखों रुपए कीमत के जेवर व नकदी उड़ा ले गए। शुक्रवार-शनिवार दरमियानी रात शुभालय के दो मकान, शुभ वास्तु के एक मकान अौर पाठाढाना स्थित एक सूने मकान का ताला तोड़कर चोर सोने-चांदी के जेवर चुरा ले गए। पुलिस इन चोरों का सुराग तलाश रही थी, इसी बीच चोरों ने शनिवार-रविवार दरमियानी रात बसंत कॉलोनी निवासी एक सेवानिवृत्त प्राचार्य के सूने मकान में सेंध लगा दी।
बताया जा रहा है कि पीजी कॉलेज से सेवानिवृत्त प्राचार्य डॉ. लक्ष्मीचंद परिवार के साथ शनिवार सुबह बालाघाट एक समारोह मंे शामिल होने गए थे। देर रात अज्ञात चोरों ने उनके मकान का ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। धरमटेकड़ी चौकी प्रभारी दिनेश बघेल का कहना है कि सेवानिवृत्त प्राचार्य के सूने आवास से चोरों ने लगभग 25 से 30 हजार रुपए नकद के अलावा सोने व चांदी के जेवर चुरा ले गए है। बसंत कॉलोनी समेत दो दिनों में घटित वारदातों के आरोपियों की भी तलाश की जा रही है।
डीवीआर तक उड़ा ले गए चोर-
बसंत कॉलोनी निवासी सेवानिवृत्त प्राचार्य ने सुरक्षा की दृष्टि से घर में सीसीटीवी कैमरे लगा रखे है, लेकिन सेंधमारी करने वाले चोर काफी शातिर है। चोर नकदी, जेवर के साथ-साथ सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर चुरा ले गए। अब पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरे में चोरों का सुराग खंगाल रही है।
पाठाढाना से 25 लाख रुपए के जेवर चोरी-
इधर कोतवाली थाना क्षेत्र में पाठाढाना से लगे वर्धमान नगर सपना चौक निवासी सुरेश मोहने के सूने मकान में सेंधमारी कर चोर 25 से 26 लाख रुपए कीमत के जेवर और 2 लाख 50 हजार रुपए नकदी चुरा ले गए। सुरेश मोहने बीती 8 अक्टूबर की शाम नैनपुर पितृ पूजन के लिए गए थे। 10 अक्टूबर दोपहर को वापस लौटे तो मकान का ताला टूटा पड़ा था। पुलिस चोरों की तलाश कर रही है।
Created On :   12 Oct 2026 4:11 PM IST











