- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- छिंदवाड़ा
- /
- अंतर्राज्यीय चोर गिरोह धराया, 19...
Chhindwara News: अंतर्राज्यीय चोर गिरोह धराया, 19 मोटर साइकिल बरामद, 4 आरोपी गिरफ्तार

Chhindwara News: कोतवाली थाना परिसर से बाइक चोरी कर पुलिस को खुली चुनौती देना आरोपियों को भारी पड़ गया। चोरों के पीछे पड़ी पुलिस ने अंतर्राज्यीय बाइक चोर गैंग को बेनकाब कर दिया है। चार आरोपियों को गिरफ्तार कर पुलिस ने 12 लाख रुपए कीमत की चोरी की 19 बाइक जब्त की है। यह गैंग महाराष्ट्र और मध्यप्रदेश में चाेरी की वारदातें करता था।
पुलिस ने बताया कि बीती 7 अप्रैल को अधिवक्ता थुनिया निवासी संतकुमार पाल की बाइक थाना परिसर में चोर चुरा ले गए थे। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से संदिग्ध की पहचान महाराष्ट्र अमरावती के मोर्सी निवासी शेख नसीम पिता शेख कासम उर्फ कासिम के रूप में की।
पुलिस ने शेख नसीम और उसके साथी मोर्सी निवासी संदेश पिता बाबाराव धुर्वे व बैतूल निवासी आकाश पिता सुनिल झोड को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में चोरों ने कबूल किया कि छिंदवाड़ा के अलावा बैतूल, अमरावती, नागपुर और वर्धा से 19 बाइक चोरी की है। पुलिस ने चोरी की बाइक खरीदी करने वाले बैतूल निवासी विजय पिता रमेश आहाके को भी गिरफ्तार किया है।
बाइक की बदल देते थे नम्बर प्लेट-
आरोपी बाइक चोरी करने के बाद उसकी नम्बर प्लेट निकालकर नदी में फेंक देते थे। इसके अलावा चोरी की बाइक के पार्ट्स भी निकालकर बेच देते थे। पुलिस ने चोरी की बाइक खरीदने वाले विजय आहाके को भी आरोपी बनाया है।
एसपी ने टीम को किया पुरुस्कृत-
बाइक चोरों को दबोचने वाली टीम को एसपी अजय पांडे ने पुरुस्कृत करने की घोषणा की है। टीम में टीआई आशीष धुर्वे, एएसआई ब्रिजेश रघुवंशी, प्रकाश सनोडिया, प्रधान आरक्षक रमेश यादव, नितिन सिंह, लता श्रीवास, आरक्षक आदित्य रघुवंशी, विकाश बैस, सागर डहेरिया, अमित तोमर, अंकित जैन, अनिल बघेल, मयंक शामिल है।
Created On :   21 April 2026 2:43 PM IST












