Gadchiroli News: एक हजार सरकारी स्कूलों की दीवारों पर साकार होगा पुस्तकालय

एक हजार सरकारी स्कूलों की दीवारों पर साकार होगा पुस्तकालय
  • 1 लाख से अधिक विद्यार्थी होंगे लाभान्वित
  • स्कूलों में चलाया जाएगा अभिनव उपक्रम

Gadchiroli News विद्यार्थियों में पढ़ने की रुचि निर्माण हो, राष्ट्रीय भावना तथा जिज्ञासा को प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से राज्य सरकार विभिन्न उपक्रम चला रही है। इसी कड़ी में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की संकल्पना से प्रेरित होकर गड़चिरोली जिले के आदिवासी और दूरस्थ क्षेत्रों की 1 हजार सरकारी स्कूलों में "भिंतीवरील पुस्तकालय' (दीवार पर आधारित पुस्तकालय) प्रकल्प शुरू किया जा रहा है।

इस उपक्रम के तहत स्कूलों की दीवारों पर विज्ञान, अंतरिक्ष, जीवनमूल्य, नेतृत्व, लोककथाएं आिद के बारे में छोटी-छोटी रोचक और जरूरी जानकारी लिखी जाएगी, जिसे विद्यार्थी चलते-फिरते पढ़ सके। इस तरह पढ़ने से विद्यार्थियों का ज्ञान बढ़ेगा। यह अभिनव पहल रत्ननिधि चैरिटेबल ट्रस्ट की सामाजिक उत्तरदायित्व निधि (सीएसआर) के माध्यम से साकार हो रहा है। ट्रस्ट की ओर से 50 हजार से अधिक पुस्तकें नि:शुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी जिससे लगभग एक लाख विद्यार्थियों को लाभ होगा। यह पुस्तकालय विशेष रूप से ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों की शासकीय स्कूलों के लिए डिजाइन किया गया है।

प्रत्येक पुस्तकालय में लगभग 50 रंगीन और उच्च गुणवत्ता वाली मराठी व अंग्रेजी भाषा की प्रेरणादायी पुस्तकें होंगी। इनमें विज्ञान, अंतरिक्ष, जीवनमूल्य, नेतृत्व, लोककथाएं, स्वतंत्रता सेनानियों की कहानियां, पुराण कथाएं, कल्पनालोक आदि विषयों पर आधारित कहानियां शामिल है। इससे बच्चों में पढ़ने की आदत को सहज, आनंददायी और रचनात्मक बनाया जाएगा। इस उपक्रम के अंतर्गत एक लाख से अधिक प्रेरणादायी कहानी पुस्तकों का निर्माण, प्रकाशन और नि:शुल्क वितरण किया जा रहा है। 5 से 14 वर्ष की आयु के बच्चों के लिए यह पहल उनके बचपन में पढ़ने की आदत डालने, रचनात्मकता और बौद्धिक कौशल को विकसित करने में सहायक सिद्ध हो रही है।

हुआ सामंजस्य करार : गड़चिरोली के जिलाधिकारी अविश्यांत पंडा के सहयोग से इस प्रकल्प को जिला स्तर पर क्रियान्वित किया जा रहा है। हाल ही में ट्रस्ट तथा जिला प्रशासन के बीच इस परियोजना को लेकर एक सामंजस्य करार पर हस्ताक्षर किए गए हैं। इस सप्ताह से ही स्कूलों में पुस्तकालयों को स्थापित करने का कार्य शुरू हो जाएगा और अगले छह महीनों के भीतर यह प्रकल्प पूरा कर लिया जाएगा। भविष्य में गड़चिरोली जिले की सभी 1991 स्कूलों में इस प्रकार के पुस्तकालय शुरू करने का लक्ष्य जिला प्रशासन ने रखा है।


Created On :   1 July 2025 4:15 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story