- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- गडचिरोली
- /
- गडचिरोली के अवैध छात्रावास पर छापा,...
Gadchiroli News: गडचिरोली के अवैध छात्रावास पर छापा, 91 छात्रों को प्रशासन ने निकाला

Gadchiroli News जिले की अहेरी तहसील के नागेपल्ली में स्थित आशीर्वाद छात्रावास पर प्रशासन ने छापा मारा और 91 विद्यार्थियों को बाहर निकाला। यह छात्रावास चेन्नई की एक ईसाई मिशनरी संस्था द्वारा चलाया जा रहा था, लेकिन इसके पास जिला प्रशासन या समाज कल्याण विभाग की कोई अनुमति नहीं थी। जिला प्रशासन ने छात्रावास की जांच की और पाया कि यह बिना किसी अनुमति के चल रहा था। इसके बाद, 48 छात्राओं और 42 छात्रों को एकलव्य स्कूल अहेरी और शासकीय आदिवासी बालिकाओं के छात्रावास खानमंचेरु में स्थानांतरित कर दिया गया।
स्थानीय निवासी राहुल आईनवार ने आरोप लगाया है कि इस छात्रावास में क्रिश्चियन धर्म का प्रचार किया जा रहा था। एक युवा सम्मेलन में क्रिश्चियन धर्म के बारे में चर्चा की गई थी और धर्म से संबंधित पुस्तकें भी बेची जा रही थीं। इस संबंध में, आशीर्वाद छात्रावास के प्रभारी अरविंद वसावे ने कहा कि उनके पास चेन्नई फ्रेंड्स मिशनरी प्रेयर बैंड की नोंदणी है, लेकिन महाराष्ट्र राज्य के किसी भी विभाग की अनुमति नहीं है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को किसी भी तरह की परेशानी नहीं हो रही है।
मुर्गा बाजार में 4.37 लाख का माल पकड़ा
तहसील के ग्राम पालोरा से सटे जंगल परिसर में मुर्गा बाजार शुरू होने की जानकारी मिलते ही आरमोरी पुलिस ने छापामार कार्रवाई को अंजाम दिया। इस कार्रवाई में 13 दोपहिया, नकद रुपए, मोबाइल, मुर्गे ऐसा कुल मिलाकर 4 लाख 37 हजार रुपए का माल जब्त किया गया। इस समय 2 आरोपियों को पुलिस ने हिरासत में भी लिया।
पालोरा जंगल परिसर में अवैध रूप से मुर्गा बाजार पर सट्टा शुरू होने की जानकारी मिलते ही आरमोरी के पुलिस उपनिरीक्षक प्रताप लामतुरे और उनकी टीम ने योजना बनाकर छापामार कार्रवाई को अंजाम दिया। इस समय डोंगरी गांव निवासी अमर खोब्रागडे और आरमोरी निवासी अंकित मने को हिरासत में लिया गया। इस कार्रवाई में 13 मोबाइल, नकद रुपए, मुर्गे समेत 4 लाख 37 हजार 850 रुपए का माल जब्त किया गया। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज किया गया है। मामले की जांच पुलिस उपनिरीक्षक नरेश सहारे कर रहे हैं।
Created On :   5 Nov 2025 4:10 PM IST















