Gadchiroli News: खेत में हो रही थी गांजे की खेती, 37 किलो पौधे बरामद

खेत में हो रही थी गांजे की खेती, 37 किलो पौधे बरामद
18.56 लाख का माल जब्त, एक गिरफ्तार

Gadchiroli News गड़चिरोली जिले के चामोर्शी तहसील अंतर्गत ग्राम माड़ेमुधोली में अवैध रूप से की जा रही गांजा की खेती का पर्दाफाश हुआ है। घोट पुलिस मदद केंद्र के अंतर्गत इस गांव में पुलिस ने छापामार कार्रवाई करते हुए 37 किलो गांजा के पौधे जब्त किए। जब्त किए गए माल की बाजार कीमत 18 लाख 56 हजार 600 रुपए आंकी गई है।

इस कार्रवाई में खेत मालिक रावजी कान्हू हिचामी (58), निवासी माड़ेमुधोली, को गिरफ्तार किया गया है। घोट पुलिस को गुप्त सूत्रों से जानकारी मिली थी कि ग्राम माड़ेमुधोली में गांजा की खेती की जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस ने बुधवार, 5 नवंबर की शाम करीब 5 बजे छापा मारा। कार्रवाई के दौरान खेत से 37 किलो गांजा के पौधे बरामद किए गए। पुलिस ने मौके पर ही आरोपी रावजी हिचामी को हिरासत में लिया।

न्यायालय ने दिया पांच दिन का पुलिस रिमांड : आरोपी को चामोर्शी न्यायालय में पेश किया गया, जहां न्यायालय ने उसे 5 दिन की पुलिस हिरासत में भेजने का आदेश दिया। फिलहाल आरोपी से गांजा की खेती से जुड़े अन्य संभावित लोगों और नेटवर्क के बारे में पूछताछ की जा रही है। इस प्रकरण की जांच महिला पुलिस उपनिरीक्षक जया शेलके के मार्गदर्शन में जारी है।

पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस खेती के लिए बीज और सामग्री कहां से लाई गई थी तथा क्या इस अवैध कारोबार में अन्य लोग भी शामिल हैं। पुल घोट पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में नशे से संबंधित किसी भी अवैध गतिविधि को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस की इस कार्रवाई से पूरे क्षेत्र में अवैध गांजा कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।

Created On :   7 Nov 2025 4:52 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story