गोंदिया: स्थापित होगी छत्रपति शिवाजी महाराज की 13 फुट ऊंंची प्रतिमा, 19 को लोकार्पण

स्थापित होगी छत्रपति शिवाजी महाराज की 13 फुट ऊंंची प्रतिमा, 19 को लोकार्पण
  • छत्रपति शिवाजी महाराज की 13 फुट उंची अश्वारूढ़ प्रतिमा
  • 13 फुट उंची अश्वारूढ़ प्रतिमा गोंदिया शहर के मनोहर चौक पर स्थापित होगी

डिजिटल डेस्क, गोंदिया. महाराष्ट्र के आराध्य दैवत माने जानेवाले छत्रपति शिवाजी महाराज की 13 फुट उंची अश्वारूढ़ प्रतिमा गोंदिया शहर के मनोहर चौक पर स्थापित की जाएगी। आगामी 19 फरवरी को आयोजित भव्य समारोह में छत्रपति शिवाजी महाराज की अश्वारूढ़ प्रतिमा स्थापित की जाएगी। गौरतलब है कि पिछले अनेक वर्षों से गोंदिया का मराठा समाज छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा स्थापित करने को लेकर प्रयासरत था। इसके लिए गोंदिया शहर के मनोहर चौक में स्थित शासकीय भूमि पर प्रतिमा की स्थापना के लिए चयनित की गई थी और यहां प्रतिवर्ष मराठा समाज द्वारा इसी स्थान पर छत्रपति शिवाजी महाराज की जयंती कार्यक्रम मनाया जाता था। गत वर्ष फरवरी 2023 में मराठा समाज एवं अन्य सामाजिक संगठनों के माध्यम से 13 फुट उंची अश्वारूढ़ छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा भी लाई गई एवं स्वागत वंदन किया गया। पर प्रशासकीय स्तर पर प्रतिमा स्थापित करने की अनुमति न मिलने के कारण एक वर्ष बाद भी अब तक छत्रपति की प्रतिमा नियोजित स्थान पर स्थापित नहीं हो सकी।

इसके लिए शिव छत्रपति मराठा समाज यहां प्रतिमा स्थापना के लिए लगातार प्रयासरत रहा और उन्होंने पूर्व पालकमंत्री डाॅ.परिणय फुके को सारी स्थिति से अवगत कराकर प्रशासकीय बाधाओं को दूर करने के लिए कदम उठाने का आग्रह किया। जिसके बाद 2 फरवरी को डाॅ.फुके ने मराठा समाज के पदाधिकारियों एवं समाजबंधुओं के साथ जिलाधिकारी कार्यालय में बैठक आयोजित कर छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा स्थापित करने को लेकर समाधानपूर्वक हल निकाल लिया। उन्होंने कहा कि छत्रपति की प्रतिमा स्थापित करना कोई धार्मिक आयोजन नहीं है। यह सार्वजनिक प्रयोजन है। इसलिए यह प्रतिमा स्थापित होनी चाहिए। इस पर प्रशासकीय स्तर पर सहमति व्यक्त करते हुए मराठा समाज को प्रतिमा स्थापित करने की अनुमति दी गई। फुके ने कहा कि जल्द ही शासन स्तर पर प्रतिमा स्थापना की शासकीय जगह मराठा समाज को आवंटित कराने का वे पुरजोर प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि मुझे विश्वास है कि छत्रपति शिवाजी महाराज के 350वें राज्याभिषेक महोत्सव वर्ष में प्रतिमा की स्थापना के लिए निर्धारित जगह शासन समाज को समर्पित करेंगा।

आगामी 19 फरवरी को भव्य कार्यक्रम में शहर में छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा गोंदियावासियों की साक्षी में स्थापित की जाएगी। इस बैठक में मुख्य रूप से विधायक विजय रहांगडाले, जिलाधिकारी चिन्मय गोतमारे, एसपी निखिल पिंगले, निवासी उपजिलाधिकारी स्मिता बेलपत्रे, तहसीलदार शमशेर पठान, पुलिस निरीक्षक चंद्रकांत सूर्यवंशी, पूर्व नगराध्यक्ष अशोक इंगले, दीपक कदम, राजेंद्र जगताप, आदित्य सावंत, संतोष जाधव, सीमा बढे, अमृत इंगले, आलोक पवार, भावना कदम, प्रतिम कदम, दत्ता सावंत, अमित झा, रमेश दलदले, नरेंद्र तुरकर और बालाराम व्यास सहित बड़ी संख्या में समाजबंधु तथा नागरिक उपस्थित थे।

नियमानुसार सभी कार्रवाई पूर्ण

दीपक कदम, सचिव मराठा समाज के मुताबिक शहर के मनोहर चौक में छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा के लिए कई वर्ष पूर्व नगर परिषद द्वारा चबूतरा बनाया गया था। लेकिन नियमानुसार कार्रवाई के बाद ही जिलाधिकारी द्वारा इसकी अनुमति दी जाती है। शासन निर्णय के अनुसार 21 मुद्दों को लेकर अनापत्ति(एनओसी) प्रमाणपत्र लाने पड़ते है। इनमें से दो एनओसी मुंबई कार्यालय से लानी पड़ती है। यह सब कार्रवाई अब पूरी हो चुकी हैं एवं इसमें पूर्व पालकमंत्री डाॅ.परिणय फुके ने महत्वपूर्ण योगदान दिया।


Created On :   4 Feb 2024 12:38 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story