गोंदिया: जिले में 1 हजार 284 मतदान केंद्रों पर होगा पालना घर का निर्माण, मिलेगी सुविधाएं

जिले में 1 हजार 284 मतदान केंद्रों पर होगा पालना घर का निर्माण, मिलेगी सुविधाएं
  • आगामी लोकसभा चुनाव में मतदान का प्रतिशत बढ़ाने की कवायद
  • जिले में कुल 10 लाख 87 हजार 272 मतदाता
  • माताओं को आने वाली परेशानियों से बचाने के लिए प्रशासन का निर्णय

डिजिटल डेस्क, गोंदिया। आगामी लोकसभा चुनाव में मतदान का प्रतिशत बढ़ाने के लिए चुनाव आयोग द्वारा विभिन्न गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। जिले में कुल 10 लाख 87 हजार 272 मतदाता के चलते 1 हजार 284 मतदान केंद्र हैं। लोकतंत्र के उत्सव को और अधिक आनंदमय बनाने के लिए मतदान केंद्र को सजाया जा रहा है। साथ ही सेल्फी प्वाइंट भी बनाए जाएंगे।

इसके लिए जिला प्रशासन तैयारियों में जुट गया हैं। यहां बता दें कि आगामी लोकसभा चुनाव गर्मियों में होने का अनुमान है। बढ़ते तापमान को ध्यान में रखते हुए मतदान केंद्रों पर ‘पालना घर’ की व्यवस्था करने का निर्णय लिया गया है। साथ ही मतदान केंद्रों पर ओआरएस व पानी की व्यवस्था की जाएगी तथा स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित रहेंगे।

गर्मी में होनेवाले चुनाव के दौरान कई बार छोटे बच्चों की माताएं अपने बच्चों को घर पर छोड़कर चुनाव में मतदान करने नहीं जा पाती। ऐसी स्थिति में वे मतदान के अधिकार का उपयोग नहीं कर पाते हैं। लेकिन अब माताओं को इस तरह की परेशानियों से बचाने के लिए प्रशासन ने यह निर्णय लिया है।

प्राथमिक उपचार के लिए मेडिकल किट में दर्द निवारक दवाएं, पट्टियां, ओआरएस पाउडर, घाव की ड्रेसिंग आदि सामग्री के साथ प्रत्येक मतदान केंद्र पर एक चिकित्सा सहायक उपलब्ध रहेगा। उसी प्रकार मतदाताओं की मदद के लिए स्वयंसेवक नियुक्त किए जाएंगे।

जिले के चार विधानसभा क्षेत्रों में 1 हजार 284 मतदान केंद्रों पर चुनाव होंगेे। बढ़ते तापमान को ध्यान में रखते हुए मतदान केंद्रों पर महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांग मतदाताओं और महिलाओं के साथ आने वाले बच्चों को धूप से बचाने के लिए यहां टेंट लगाए जाएंगे।

लोकतंत्र के उत्सव को और अधिक आनंदमय बनाने के लिए मतदान केंद्र को सजाया जा रहा है।



Created On :   5 March 2024 12:43 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story