Gondia News: बोदलकसा बांध की पाल फूटी, धान पर डूबने का खतरा

बोदलकसा बांध की पाल फूटी, धान पर डूबने का खतरा
  • सुकड़ी चौक तक पहुंचा पानी, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें तैनात
  • विधायक रहांगडाले और जिलाधिकारी पत्की ने मौके का जायजा लिया

Gondia News तिरोड़ा तहसील के बोदलकसा जलाशय की पाल फूटने से भारी मात्रा में पानी का बहाव शुरू हो गया है। नहर के रास्ते बहता पानी सुकड़ी चौक तक पहुंच गया है। खेतों में धान की फसल खड़ी होने के कारण आसपास के किसानों की चिंता बढ़ गई है। पानी का प्रवाह बढ़ने पर सैकड़ों एकड़ में लगी फसल जलमग्न होने और भारी नुकसान की आशंका जताई जा रही है।

फिलहाल जिला प्रशासन ने स्थिति नियंत्रण में होने की जानकारी दी है। जिला आपदा प्रबंधन ने बताया कि प्रशासन को 12 अक्टूबर को सुबह 8 बजे के दौरान इस घटना की जानकारी मिली। घटना की जानकारी मिलते ही सिंचाई विभाग और जिला प्रशासन हरकत में आ गया। विधायक विजय रहांगडाले और जिलाधिकारी मंदार पत्की ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। वहीं संभावित खतरे को देखते हुए एनडीआरएफ की एक टीम और एसडीआरएफ की 3 टीम तैनात की गई हैं। जिला शोध व बचाव पथक के एक अधिकारी व 10 कर्मचारी भी तैनात किए गए हैं, जो हर स्थिति पर नजर रखे हुए हैं।

उपविभागीय अधिकारी, तहसीलदार और जिला आपदा प्रबंधन विभाग का अमला भी स्थिति पर लगातार नजर रख रहा है। बोदलकसा जलाशय की क्षमता 0.55 टीएमसी है। प्रशासन ने जलाशय के लाभक्षेत्र में आने वाले किसानों और नाले के ओवरफ्लो से प्रभावित हो सकने वाले क्षेत्रों के नागरिकों को सतर्क रहने की अपील की है। खेतों में धान की फसल खड़ी होने के कारण किसानों की नजर अब जलप्रवाह की स्थिति और सिंचाई विभाग की ओर से किए जा रहे उपायों पर टिकी है।


Created On :   13 Oct 2026 3:08 PM IST

Tags

Next Story