गुना: सिंधिया समर्थक भाजपा नेता के भाई की गोली मारकर हत्या, जमीन के बंटवारे को लेकर था विवाद

डिजिटल डेस्क, गुना। मध्यप्रदेश के गुना जिले में जमीन के बंटवारे को लेकर चल रहे पारिवारिक विवाद ने रविवार रात हिंसक रूप ले लिया। सिरसी थाना क्षेत्र के सारेठा गांव में करीब 8 बजे विजय यादव (40) को गोली मार दी गई। गंभीर हालत में उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार, गोली चलाने का आरोप विजय यादव के बड़े भाई भरत सिंह यादव के बेटे विशाल पर है। बताया जा रहा है कि परिवार में वन विभाग की करीब 500 बीघा जमीन के बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा था।
भाई की मौत की खबर सुन बिगड़ी तबीयत
विजय यादव को गोली लगने के बाद परिजन उन्हें तुरंत जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। इलाज शुरू होने से पहले ही डॉक्टरों ने उनकी मौत की पुष्टि कर दी।
विजय के बड़े भाई और केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के करीबी माने जाने वाले भाजपा नेता वीर बहादुर सिंह सारेठा को घटना की जानकारी मिलने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया। बताया गया कि भाई की मौत की खबर सुनने के बाद उनका ब्लड प्रेशर बढ़ गया था।
यह भी पढ़े -खड़गे के बयान पर शिवराज सिंह चौहान का पलटवार, बोले- कांग्रेस को अपने व्यवहार पर विचार करना चाहिए
कांग्रेस से जुड़ा है आरोपी!
बताया जा रहा है कि आरोपी विशाल मारकीमहू प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती है। उसे पकड़ने के लिए पुलिस की टीम अस्पताल के लिए रवाना हो गई है। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी के कांग्रेस से जुड़े होने की बात भी सामने आई है, लेकिन इसकी अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
Created On :  


