हिंगोली जिला भूकंप के झटकों से फिर थर्राया, लगातार चार झटकों से दहशत, पांगरा शिंदे और आसपास रहा केंद्र

हिंगोली जिला भूकंप के झटकों से फिर थर्राया, लगातार चार झटकों से दहशत, पांगरा शिंदे और आसपास रहा केंद्र

Hingoli News. मराठवाड़ा के हिंगोली, परभणी और नांदेड़ जिलों में गुरुवार तड़के लगातार चार बार भूकंप के झटके महसूस किए गए। अचानक आए झटकों से लोग घबराकर घरों से बाहर निकल आए और कई ग्रामीणों ने पूरी रात खुले स्थानों पर बिताई।

पहला झटका रात 1:37 बजे आया, जिसकी तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 4.6 दर्ज की गई। इसके बाद 2:15 बजे 3.6, 2:17 बजे 3.9 और 3:23 बजे 4.1 तीव्रता के झटके महसूस किए गए। भूकंप का केंद्र वसमत तहसील के पांगरा शिंदे तथा आसपास का क्षेत्र बताया गया, जबकि बाद के झटकों का केंद्र औंढा नागनाथ तहसील के काकड़दाभा क्षेत्र के पास दर्ज किया गया। सभी झटकों की गहराई लगभग 10 किलोमीटर रही।

बसमत, हिंगोली, कलमनुरी और औंढा नागनाथ तहसीलों में झटके सबसे अधिक महसूस किए गए। आमदरी गांव में एक मकान की दीवार गिर गई, जबकि 10 से 12 मकानों में दरारें आ गईं। पांगरा शिंदे गांव में भी 50 से 60 मकानों की दीवारों में दरारें पड़ने की सूचना है। जिला कलेक्टर राहुल गुप्ता ने प्रभावित क्षेत्रों का सर्वेक्षण कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए हैं।

घबराएं नहीं, प्रशासन पूरी तरह सतर्क : राहुल गुप्ता

जिला कलेक्टर राहुल गुप्ता ने नागरिकों से अपील की कि घबराने की आवश्यकता नहीं है। प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए गए हैं। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर विश्वास न करने, किसी भी नुकसान की सूचना तत्काल प्रशासन को देने तथा सोशल मीडिया पर भ्रामक संदेश साझा करने से बचने की अपील की।

Created On :   9 July 2026 8:00 PM IST

Tags

Next Story