Jabalpur News: औद्योगिक क्षेत्र रिछाई में 200 करोड़ की एमएसएमई टूल रूम योजना अधर में

औद्योगिक क्षेत्र रिछाई में 200 करोड़ की एमएसएमई टूल रूम योजना अधर में
युवाओं को उद्योगों की वर्तमान जरूरतों के अनुरूप प्रशिक्षित करने का सपना लम्बे अर्से के बाद भी अधूरा

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। औद्योगिक क्षेत्र रिछाई में 200 करोड़ रुपयों की लागत से बनने वाला केंद्रीय एमएसएमई विभाग का महत्वाकांक्षी टेक्नोलॉजी सेंटर (टूल रूम) पांच साल बीत जाने के बाद भी अटका हुआ है। स्थानीय युवाओं को वैश्विक स्तर का तकनीकी प्रशिक्षण देने और महाकौशल के उद्योगों को आधुनिक सपोर्ट प्रदान करने के उद्देश्य से इस परियोजना की घोषणा की गई थी।

लेकिन प्रशासनिक शिथिलता और कछुआ गति के कारण यह योजना पूरी तरह पिछड़ चुकी है। परियोजना के लिए जिला प्रशासन द्वारा 21 एकड़ जमीन भी आवंटित की जा चुकी है। आलम यह है कि वर्ष 2026 में जाकर बाउंड्रीवॉल का निर्माण कार्य शुरू हो पाया है। लगभग दो किलोमीटर लंबी बाउंड्रीवॉल प्रस्तावित है। जिसमें अभी केवल सामने और पीछे के कुछ हिस्सों में निर्माण हुआ है।

प्रशासनिक उदासीनता- जमीन आवंटन के बाद भी आवश्यक स्वीकृतियों और टेंडर प्रक्रियाओं में हुआ अत्यधिक विलंब।

बजट और समन्वय की कमी- केंद्रीय विभाग और स्थानीय प्रशासन के बीच बेहतर तालमेल न होना।

रोजगार का नुकसान- इस सेंटर के बनने से हर साल हजारों युवाओं को रोजगारपरक प्रशिक्षण मिलना था। जिससे वे वंचित हैं।

औद्योगिक विकास में बाधा- आधुनिक टूल रूम न होने से स्थानीय एमएसएमई इकाइयों को तकनीकी अपग्रेडेशन के लिए दूसरे शहरों पर निर्भर रहना पड़ रहा है।

शहर विकास का सपना अधूरा

विशेषज्ञों के अनुसार इस प्रकार के संस्थान किसी भी क्षेत्र के औद्योगिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। बड़े उद्योग निवेश से पहले स्थानीय स्तर पर कुशल श्रमिकों और संसाधनों की उपलब्धता का आकलन करते हैं। टेक्नोलॉजी सेंटर के माध्यम से जबलपुर में कुशल मानव संसाधन तैयार होंगे। जिससे नए उद्योगों को आकर्षित करने में मदद मिल सकती है। लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों की लापरवाही से शहर के विकास का यह सपना अब तक अधूरा है।

टेक्नोलॉजी सेंटर परियोजना की मॉनिटरिंग केंद्रीय एमएसएमई मंत्रालय दिल्ली से की जा रही है। इसकी प्रगति से संबंधित जानकारी वहीं से जारी की जाती है।

नीरज अरोरा, इंट डायरेक्टर, एमएसएमई, इंदौर

Created On :   24 Aug 2026 5:17 PM IST

Tags

Next Story