Jabalpur News: बरगद के पेड़ को मिला नया जीवन, सड़क से उठाकर किया पुन:रोपण

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। पर्यावरण संरक्षण के लिए नए पौधों को लगाना जितना जरूरी है ,उतना ही जरूरी पुराने वृक्षों को बचाना भी है। इसी मंशा के साथ नगर निगम की टीम ने नवाचार कर लोगों काे प्रकृति प्रेम का संदेश देने की कोशिश की। कठौंदा क्षेत्र में रात के समय सड़क किनारे छोड़े गए एक बरगद के पेड़ को पुन: रोपित करने के निर्देश के साथ निगमायुक्त अग्रिम कुमार ने उसे पुनर्जीवित करने की पहल की।
आनन फानन में अपर आयुक्त सौरभ मिश्रा, उपायुक्त शिवांगी महाजन और उद्यान अधिकारी मनीष तड़से को पेड़ के संरक्षण और देखभाल के निर्देश दिए गए। अधिकारियों द्वारा आदेश के पालन के बाद बरगद के पेड़ में जीवन की उम्मीद नजर आने लगी। बरगद का वृक्ष पर्यावरण संतुलन, जैव विविधता और जीव-जंतुओं के आश्रय के लिए बेहद अहम माना जाता है। नगर निगम द्वारा किया गया यह कार्य पर्यावरण प्रेमियों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है।
Created On :  
