Jabalpur News: रादुविवि-कुलगुरु की अनुमति के बिना अब नहीं होगा कोई पत्राचार
डिजिटल डेस्क,जबलपुर। रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय प्रशासन ने ताजा आदेश में कहा है कि कुलगुरु के पूर्व अनुमोदन के बिना विश्वविद्यालय के विभागाध्यक्ष, अधिकारी और कर्मचारी किसी भी सरकारी, गैर-सरकारी संस्थाए शासन-प्रशासन अथवा बाहरी व्यक्ति से पत्राचार नहीं कर सकेंगे।
यहां तक कि किसी भी प्रकार की जानकारी साझा करने से पहले भी कुलगुरु की अनुमति अनिवार्य कर दी गई है। विश्वविद्यालय के प्रभारी कुलसचिव द्वारा जारी इस आदेश का विवि में ही विरोध शुरू हो गया है और इससे अधिकारियों एवं विभागाध्यक्षों की स्वायत्तता और अधिकारों को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
16 नवम्बर को जारी आदेश में उल्लेख किया गया है कि विश्वविद्यालय के प्रशासनिक एवं अन्य कुछ विभागों द्वारा कुलगुरु के निर्देश अथवा अनुमोदन के बिना अन्य संस्थानों से पत्राचार किया जा रहा है। इसे नियंत्रित करने के लिए निर्देशित किया गया है कि पत्राचार और अन्य जानकारी साझा करने से पूर्व कुलगुरु का अनुमोदन प्राप्त करना अनिवार्य होगा।
अधिकारों के केंद्रीकरण पर सवाल
रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय मध्यप्रदेश शासन के उच्च शिक्षा विभाग द्वारा स्थापित एक राज्य विश्वविद्यालय है, जिसका प्रशासनिक एवं शैक्षणिक संचालन मध्यप्रदेश विश्वविद्यालय अधिनियमए 1973 तथा उसके अंतर्गत निर्मित परिनियमों और अध्यादेशों के प्रावधानों के अनुसार होता है।
ऐसे में सवाल उठ रहे हैं कि क्या विश्वविद्यालय के प्रत्येक विभागीय और प्रशासनिक पत्राचार को कुलगुरु के पूर्व अनुमोदन से जोड़ना अधिनियम में निर्धारित प्रशासनिक व्यवस्था और कार्य-विभाजन की भावना के अनुरूप है।
Created On :  
