Jabalpur News: जबलपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर स्टॉल में लगी भीषण आग
डिजिटल डेस्क,जबलपुर। रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर बुधवार को एक स्टॉल में अचानक आग भड़क उठी। आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और स्टॉल के आसपास रखे पार्सल एवं अन्य सामान को अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी भीषण थी कि स्टॉल के ऊपर लगा शेड भी जलकर क्षतिग्रस्त हो गया। घटना में भारी नुकसान होने की आशंका है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, स्टॉल से अचानक आग की लपटें उठने लगीं। कुछ ही देर में आग ने आसपास रखे सामान को भी चपेट में ले लिया। प्लेटफॉर्म पर आग फैलती देख यात्रियों और रेल कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही आग बुझाने के प्रयास शुरू किए गए। करीब शाम 4 बजे दमकल विभाग की पांच गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत करते हुए आग पर काबू पाया।
आग की चपेट में आने से स्टॉल में रखा सामान और पार्सल जल गए, वहीं ऊपर का शेड भी बुरी तरह प्रभावित हुआ। रेलवे स्टेशन जैसे व्यस्त और संवेदनशील स्थान पर आग लगने से कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। गनीमत रही कि दमकल वाहनों की मदद से आग पर काबू पा लिया गया। फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों और कुल आर्थिक नुकसान का आकलन किया जाना बाकी है।
Created On :  
