Jabalpur News: ननि सदन की बैठक में उठाए जाएंगे जनहित से जुड़े मुद्दे

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। नगर निगम सदन की सधारण सभा की बैठक में शहर की मूलभूत समस्याओं और जनहित से जुडे मुद्दों को उठाने का निर्णय कांग्रेस पार्षद दल ने लिया है। नेता प्रतिपक्ष अमरीश मिश्रा ने बताया कि गुरूवार को हुई कांग्रेस पार्षदों की बैठक में डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण व्यवस्था, पार्षद मद की राशि, वार्डों में जल संकट, नालियों से होकर गुजरने वाली पाइपलाइन की समस्या, वर्कशॉप में डीजल की अनुपलब्धता और ब्लैकलिस्टेड सफाई ठेकेदारों को राहत देते हुए उनके ठेकों की अवधि बढ़ाए जाने जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की गई।
उन्होंने कहा कि इन मुद्दों को 21 नवम्बर शनिवार को आयोजित सदन की बैठक में प्रमुखता से उठाने की रणनीति तैयार की गई है। इस दौरान उपनेता प्रतिपक्ष शगुफ्ता उस्मानी गुड्डु नबी, पार्षद अदिति बाजपेई, अख्तर अंसारी, मुकीमा याकूब अंसारी, तुलसा प्रजापति, अनुपम जैन, राकेश पांडे, सत्येन्द्र चौबे व सांसद प्रतिनिधि ताहिर अली सहित अन्य पार्षद मौजूद रहे।
Created On :  
