Jabalpur News: रादुविवि-बड़ा फर्जीवाड़ा पकड़ा, भोपाल भेजे जा रहे फर्जी पत्र

  • कार्यालय आयुक्त कोष एवं लेखा भोपाल के पत्र से हुआ खुलासा
  • एफआईआर दर्ज कराने की तैयारी, रजिस्ट्रार और असिस्टेंट रजिस्ट्रार फर्जी हस्ताक्षर

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय में एक बड़ा फर्जीवाड़ा पकड़ा गया है। इसके तहत रजिस्ट्रार और असिस्टेंट रजिस्ट्रार के फर्जी हस्ताक्षर कर कुछ पत्र भोपाल भेजे गए हैं। इस मामले की जानकारी भोपाल के ही कार्यालय आयुक्त कोष एवं लेखा मप्र पर्यावास भवन ने दी है। कार्यालय से पूछा गया कि एक अधिकारी जिसका नाम भृष्टाचार की जांच में है, लोकायुक्त में एफआईआर है और विभागीय जांच की बात विवि द्वारा ही एक पत्र में की गई थी और दूसरे पत्र में ऐसी किसी भी जांच से इंकार किया गया। ऐसे में शंका हुई और मामले का खुलासा हुआ। इसे बेहद गंभीर मानते हुए कुलगुरू ने तत्काल ही जांच कराने का निर्णय लिया है और पुलिस में भी शिकायत की जा रही है।

रादुविवि के कुलगुरू को भेजे पत्र में आयुक्त कोष एवं लेखा ने लिखा है कि आपके पत्र 20 जुलाई 2026 द्वारा वित्त नियंत्रक सुरेश कतिया के विरुद्ध प्रकरण प्रचलित होने की जानकारी प्रेषित की गई है। इस प्रकरण के संबंध में पूर्व में कोई सूचना प्राप्त नहीं हुई थी। उच्च शिक्षा विभाग द्वारा प्रेषित जांच रिपोर्ट में उक्त अनियमितता मार्च 2017 से 5 अक्टूबर 2024 के मध्य घटित हुई है, जिसमें कुलसचिव एवं वित्त नियंत्रक के सम्मिलित होने का उल्लेख किया गया है।

श्री कतिया 7 जुलाई 2023 से रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय में पदस्थ थे। कुलसचिव के पत्र 9 जनवरी 2026 द्वारा सुरेश कतिया के संबंध में विभागीय जांच ,न्यायालयीन प्रकरण, लोकायुक्त प्रकरणों की जानकारी निरंक प्रेषित की गई है। इस प्रकार एक ओर प्रकरण प्रचलित होने का उल्लेख है तथा दूसरी ओर जानकारी निरंक प्रेषित की गई है, इससे विरोधाभास की स्थिति निर्मित हो रही है।

रिटायर हो चुके हैं कतिया

पत्र में उल्लेख है कि श्री कतिया 31 जून 2026 को सेवानिवृत्त हो चुके हैं। समयसीमा में वस्तुस्थिति स्पष्ट न होने से उनके पेंशन प्रकरण के निराकरण में अनावश्यक विलम्ब हो रहा है। अतः श्री कतिया के पेंशन प्रकरण को प्रभावित करने वाली जानकारी एवं प्रकरण की वास्तविक स्थिति से इस संचालनालय को शीघ्र अवगत कराएं।

मरम्मत, वाहन और कॉपियों के टेंडर में नाम

बताया जाता है कि विवि में पूर्व में मरम्मत के नाम पर जमकर भृष्टाचार किया गया और लाखों रुपयों का घोटाला हुआ था, वाहन लगाने के नाम पर भी गोलमाल किया गया साथ ही कॉपियों के टेंडर में भी भृष्टाचार हुआ। इन मामलों की जांच की जा रही है और श्री कतिया का इनमें नाम है। यहां तक की जांच रिपोर्ट में भी उनका उल्लेख है।

रिटायर्ड अधिकारी के हस्ताक्षर

बताया जाता है कि 9 जनवरी 2026 का जो पत्र जारी हुआ है जिसमें श्री कतिया पर कोई मामला नहीं बताया गया है उसमें पूर्व कुलसचिव डा राजेंद्र बघेल एंव सहायक कुलसचिव पवन साहू के हस्ताक्षर हैं, डा राजेंद्र बघेल विश्वविद्यालय से 31 दिसंबर 2025 को सेवानिवृत हो गये थे। इस मामले में यह कहा जा रहा है कि यह एक गंभीर मामला है ऐसे ना जाने कितने फर्जी पत्र किस -किस विभाग को अनाधिकृत तौर पर भेजे गये हैं।

जल्द होगी जांच, दोषियों को छोड़ेंगे नहीं

फर्जी पत्र भेजने का मामला भोपाल द्वारा संज्ञान में लाया गया है। चूंकि यह बेहद संवेदनशील है इसलिए तत्काल ही जांच शुरू की जा रही है और पुलिस में भी शिकायत दर्ज कराई जाएगी। यह पता करने के प्रयास भी होंगे कि किन विभागों में ऐसे फर्जी पत्र पहले भी भेजे गए हैं।

प्रो राजेश कुमार वर्मा, कुलगुरू रादुविवि

Created On :  

Next Story