jabalpur news: बरगी हत्याकांड: घर के सामने बैठने से मना करने पर दिया वारदात को अंजाम

बरगी हत्याकांड: घर के सामने बैठने से मना करने पर दिया वारदात को अंजाम
मृतक के रिश्ते के भाई की हालत भी गंभीर, आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस

जबलपुर। बरगी थाना क्षेत्र स्थित ग्राम सालीवाड़ा में बुधवार की रात घर के सामने बैठने को लेकर विवाद होने व चाकूबाजी की घटना में एक युवक की मौत हो गई थी, वहीं मृतक के रिश्ते के भाई की हालत गंभीर बताई जा रही है। सूचना मिलने पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर अारोपी की तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार ग्राम सालीवाड़ा निवासी निम्मीलाल यादव उम्र 30 वर्ष अपने रिश्ते के भाई संतोष यादव उम्र 40 वर्ष के साथ बीती रात सालीवाड़ा चौराहे पर खड़ा होकर बातचीत कर रहा था। उसी दौरान वहां पर घनश्याम केवट पहुंचा और घर के सामने बैठने की बात को लेकर आपत्ति जताते हुए गाली-गलौज करने लगा। दोनों ने विरोध किया तो घनश्याम ने निम्मी यादव पर चाकू से कई वार किए। इस बीच संतोष ने बीच बचाव करने का प्रयास किया तो आरोपी ने उसे पर चाकू से हमला कर दिया। हमले मंे गंभीर रूप से घायल निम्मी यादव की मौत हो गई।

ग्रामीणों ने अस्पताल पहुंचाया

जानकारी के अनुसार बीती रात चौराहे पर हुई वारदात के दौरान वहां काफी लोग मौजूद थे। उन्होंने निम्मी और संतोष को घायल देख इलाज के लिए बरगी अस्पताल पहुंचाया, वहां से दोनों काे मेडिकल रेफर किया गया। अत्यधिक रक्तस्राव होने से मेडिकल में निम्मी लाल यादव को मृत घोषित कर दिया गया, वहीं संतोष का इलाज जारी है।

आरोपी की तलाश में छापामारी

पुलिस ने आरोपी घनश्याम के खिलाफ हत्या व हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने आरोपी के घर व उसके रिश्तेदारों व करीबियों के घरों पर छापे मारे लेकिन उसका सुराग नहीं लग सका है।

Created On :   23 July 2026 11:13 PM IST

Next Story