Jabalpur News: मलेरिया विभाग के बगल में ही पनप रहे लाखों मच्छर और लार्वा

मलेरिया विभाग के बगल में ही पनप रहे लाखों मच्छर और लार्वा
दिया तले अंधेरा...दूसरे विभागों का लार्वा नष्ट कर रहे जिला मलेरिया विभाग को अपने विभाग की सुध नहीं

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। जिला अस्पताल विक्टोरिया स्थित जिला मलेरिया विभाग के कार्यालय के बगल में लाखों की संख्या में मच्छर और लार्वा पनप रहे हैं, लेकिन विभाग का ध्यान दूसरे विभागों में लगे कूलर की टंकियों में पनपने वाले लार्वा पर लगा हुआ है। हालांकि लार्वा कहीं भी पनपे, उनके विनष्टीकरण करने की जिम्मेदारी विभाग की है, लेकिन "दिया तले अंधेरा' वाली कहावत को चरितार्थ करते हुए विभाग के अपने ही आंगन में मच्छर और जानलेवा लार्वा पनप रहे हैं।

विडंबना देखिए कि जो विभाग पूरे शहर में घूम-घूमकर दूसरे सरकारी दफ्तरों और आम जनता के कूलरों की टंकियां खंगाल रहा है, उसे अपने ही दफ्तर के ठीक बगल में फैला यह बीमारियों का घर नजर नहीं आ रहा।

नया निर्माण बना आफत, चोक हुआ ड्रेनेज

विक्टोरिया अस्पताल में इन दिनों नए भवन का निर्माण कार्य चल रहा है। इस निर्माण की वजह से अस्पताल का पूरा ड्रेनेज सिस्टम बुरी तरह चोक हो चुका है। नतीजा यह है कि भारी मात्रा में सीवर का बदबूदार पानी एक जगह जमा हो रहा है। रही-सही कसर मानसूनी बारिश ने पूरी कर दी है। बारिश और सीवर के इस कॉकटेल ने मच्छरों के लिए सबसे सुरक्षित ब्रीडिंग ग्राउंड तैयार कर दिया है, जहां इस वक्त अनगिनत मच्छर और लार्वा तैरते साफ देखे जा सकते हैं।

नसीहत देने की जगह खुद बीमारियां बांट रहा अस्पताल

मलेरिया विभाग का मुख्य काम ही जलभराव रोकना और लार्वा को नष्ट करना है ताकि मलेरिया, डेंगू और चिकनगुनिया जैसी जानलेवा बीमारियों को फैलने से रोका जा सके लेकिन स्थिति यह है कि दूसरों को नसीहत देने वाले खुद बेखबर हैं। जिस अस्पताल में मरीज अपनी बीमारियों का इलाज कराने और तंदरुस्त होने आते हैं, वही परिसर अब गंभीर बीमारियां बांटने का केंद्र बनता जा रहा है।

जहां पेशेंट हैं, उसके आस-पास मच्छर न पनपें इस बात का ध्यान रखा जाता है। जहां पानी भरा हुआ है, वहां बीटीआई का छिड़काव किया है।

डॉ. ब्रजेश पटेल, जिला मलेरिया अधिकारी

Created On :   24 July 2026 5:02 PM IST

Tags

Next Story