jabalpur news: देह व्यापार के लिए 100 से ज्यादा महिलाओं को भेजा गया अलग-अलग जगह

देह व्यापार के लिए 100 से ज्यादा महिलाओं को भेजा गया अलग-अलग जगह
अधारताल थाने के एक सिपाही को भी निलम्बित किया गया

जबलपुर। अधारताल थाना क्षेत्र, सुहागी स्थित पन्नी मोहल्ला के एक मकान में बीते 10 जुलाई को पुलिस ने देह व्यापार में लिप्त आधा दर्जन से ज्यादा लोगों को पकड़ा था। इसके बाद नरसिंहपुर से भी एक आरोपी को पकड़ा गया, जिसने रिमांड के दौरान हुई पूछताछ में बेहद चौंकाने वाला खुलासा किया है। उसका कहना है कि लम्बे समय से चल रहे देह व्यापार के इस गोरखधंधे में अभी तक उसने करीब 150 महिलाओं का इस्तेमाल करके उन्हें अलग-अलग जगहों पर भेजा था। पूरा रैकेट साठगांठ से चल रहा था। उल्लेखनीय है कि इस मामले में संलिप्तता सामने आने पर अधारताल थाने के एक सिपाही को भी निलम्बित किया गया था।

बताया गया है कि एएसपी ग्रामीण अनु बेनिवाल की मौजूदगी में पुलिस टीम ने पन्नी मोहल्ला सरस्वती कॉलोनी सुहागी में घेराबंदी की थी। इस दौरान एक घर से 41 वर्षीय मंजू निखर, मुकेश निखर, आरुष निखर एवं अभय सिंह चिंटू आदि को गिरफ्तार कर कार्रवाई शुरू की गई।

बाहरी राज्यों की भी महिलाएं -

जिस मकान में यह सेक्स रैकेट चल रहा था, उस भवन का मालिक पीडब्ल्यूडी विभाग का कर्मचारी निकला। आरोपियों ने उसका मकान किराए पर ले रखा था। आरोपी कपिल जायसवाल को पकड़कर जब पांच दिन की पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की गई, तब उसने राज खोला कि उसने पूरा नेटवर्क बनाया हुआ है और उसके संपर्क में लगभग 150 से ज्यादा ऐसी महिलाएं हैं जो कि देह व्यापार के विभिन्न अड्डों पर भेजी जातीं थीं। इसके एवज में वह कमीशन की राशि वसूलता था और इस नेटवर्क में कई राज्यों की महिलाएं और करीब 20 दलाल भी सक्रिय हैं।

और भी कड़ियों का पता लगा रही पुलिस -

छानबीन में यह बात सामने आई कि अधारताल थाने में कार्यरत एक सिपाही सतीश झारिया को भी इस मामले की पूरी जानकारी थी। उसे निलंबित कर दिया गया था। पुलिस अधिकारियों द्वारा अब यह भी पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इस पूरे गोरखधंधे में कहीं नाबालिग उम्र की लड़कियों को भी तो शामिल नहीं हैं। इसके लिए भी कई क्षेत्रों में पुलिस टीमें रवाना की जा रही हैं।

Created On :   24 July 2026 11:46 PM IST

Next Story