jabalpur news: छात्रों को पीटना, विपक्ष के नेता को सड़कों पर घसीटा जाना लोकतंत्र के लिए सही नहीं

छात्रों को पीटना, विपक्ष के नेता को सड़कों पर घसीटा जाना लोकतंत्र के लिए सही नहीं
यह केवल राज्यसभा की लड़ाई नहीं, देश की है

छात्रों को पीटना, विपक्ष के नेता को सड़कों पर घसीटा जाना लोकतंत्र के लिए सही नहीं

जबलपुर। अखिल भारतीय आदिवासी कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष व विधायक विक्रांत भूरिया ने कहा कि दिल्ली में चल रहे छात्रों के आंदोलन को कुचलने का प्रयास किया जा रहा है। पिछले 12 सालों से छात्रों का शोषण हो रहा है। विपक्ष के नेता राहुल गांधी को सड़कों पर घसीटा गया। लोकतंत्र के लिए यह सही नहीं है। यह बात उन्होंने शुक्रवार की शाम सर्किट हाउस क्रमांक एक में पत्रकारों से चर्चा के दौरान कही। वे यहां राज्यसभा में मीनाक्षी नटराजन का नामांकन निरस्त होने के मामले में याचिका दायर करने के लिए जबलपुर आए थे। श्री भूरिया ने कहा कि नीट की परीक्षा आसान नहीं होती, इसके लिए काफी मेहनत करनी पड़ती है और मेहनत करने के बाद जिसे परीक्षा देने न मिले तो उसका दर्द वही समझ सकता है। इस मामले में ठोस कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि पूरे देश में आदिवासियों के साथ अत्याचार हो रहे हैं। आदिवासियों के हित में वादे काफी किए जाते हैं मगर उन्हें पूरा नहीं किया जाता। चाहे कीर्ति स्तंभ की बात हाे या फिर कोई और, वहीं गोंडवाना व आदिवासियों का भी अपमान किया जा रहा है। यूसीसी संविधान में आदिवासियों को शामिल किए जाने से संबंधित सवाल पर उन्होंने कहा कि आदिवासी एेसा समुदाय है जहां सभी धर्मों के लोग मिलेंगे। इनकी परंपरा सबसे अलग है। इन्हें इस संविधान से अलग रखना चाहिए। इस दौरान नगराध्यक्ष सौरभ नाटी शर्मा, रुकमणि गोंटिया, जतिनराज सहित अन्य कांग्रेस नेता कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

राज्यसभा चुनाव में मताधिकार से वंचित करने को दी चुनौती -

पत्रकारवार्ता में श्री भूरिया ने बताया कि राज्यसभा में मीनाक्षी नटराजन का नामांकन निरस्त करना असंवैधानिक है। इस संबंध में उन्होंने बतौर एक मतदाता हाई कोर्ट में याचिका दायर की है। उन्होंने बताया कि वे इस चुनाव में सुश्री नटराजन के प्रस्तावक थे और एक मतदाता की हैसियत से वोट देना उनका अधिकार है। उन्हें वोट देने के अधिकार से वंचित नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि बिना चुनाव कराए और नामांकन रद्द करे तो फिर संविधान कहां बचा है। यह केवल राज्यसभा की लड़ाई नहीं, देश की है। सरकार लोकतंत्र का गला घोंटने का काम कर रही है।

Created On :   24 July 2026 11:38 PM IST

Next Story