दलाली पर लगेगा अंकुश: अब रेलवे बदल रहा 1 अगस्त से तत्काल टिकट की व्यवस्था

अब रेलवे बदल रहा 1 अगस्त से तत्काल टिकट की व्यवस्था
रेलवे ने अब आरपीएफ को सीधे अधिकार दे दिए हैं कि वे मौके पर ही जुर्माना वसूलें और गंभीर मामला होने पर ही प्रकरण को न्यायालय में पेश करें।

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। रेलवे की तत्काल टिकट पर दलालों का कब्जा रहता था, आम यात्रियों को यह टिकट मिलना मुश्किल भरा काम था। हमेशा से यही शिकायत मिलती थी कि तत्काल वाले काउंटर में पहले से ही दलाल कतार में खड़े रहते हैं और उन्हें ही टोकन मिलता है। आम यात्री परेशान रहते हैं लेकिन उन्हें टिकट नहीं मिलती। दलालों पर अंकुश लगाने पश्चिम मध्य रेलवे द्वारा तत्काल टिकट के टोकन वितरण की व्यवस्था बदलने का निर्णय लिया गया है।

बताया गया है कि नई व्यवस्था 1 अगस्त से जबलपुर रेल मंडल के सभी आरक्षण केंद्रों पर लागू हो जाएगी। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक डॉ. मधुर वर्मा के अनुसार नई व्यवस्था के अंतर्गत यात्रियों को दोबारा आरक्षण कार्यालय आने की आवश्यकता नहीं होगी। एसी श्रेणी के लिए सुबह 8:30 बजे से 9 बजे तक तथा नॉन-एसी श्रेणी के लिए सुबह 9 बजे से सुबह 9:30 बजे तक अब टोकन वितरित किए जाएंगे।

प्रत्येक आरक्षण काउंटर पर एसी श्रेणी के लिए 10 तथा नॉन-एसी श्रेणी के लिए 15 टोकन जारी किए जाएंगे। यात्रियों की भीड़ बढ़ती है तो टोकन की संख्या भी रेलवे बढ़ाएगा। यात्रियों को आईडी प्रूफ लेकर जाना होगा, अगर इस दौरान कहीं गड़बड़ी मिलती है तो कार्रवाई भी की जाएगी। इसी तरह जनरल टिकट पर भी अब निगरानी बढ़ा दी गई है और इनकी भी जांच की जा रही है।

नियम तोड़ने पर जुर्माना

जन विश्वास अधिनियम के तहत अब यात्रियों पर तत्काल जुर्माना लगाया जाने लगा है। इस प्रावधान के लागू होने के बाद 20 जून से 20 जुलाई के बीच एक माह में सिर्फ 26 प्रकरण ही रेलवे न्यायालय तक पहुंचे हैं, जबकि इससे पहले यह आंकड़ा हर माह 1 हजार के पार पहुंच जाता था। इन मामलों की सुनवाई भी नहीं हो पाती थी जिससे यात्रियों की परेशानी बढ़ती थी और रेलवे न्यायालय में पेंडेंसी बढ़ रही थी। रेलवे ने अब आरपीएफ को सीधे अधिकार दे दिए हैं कि वे मौके पर ही जुर्माना वसूलें और गंभीर मामला होने पर ही प्रकरण को न्यायालय में पेश करें।

Created On :   24 July 2026 4:59 PM IST

Tags

Next Story