Jabalpur News: एक्सेसरीज की दुकानों में धड़ल्ले से लग रहीं काली फिल्में, कार्रवाई से बच रहे जिम्मेदार

एक्सेसरीज की दुकानों में धड़ल्ले से लग रहीं काली फिल्में, कार्रवाई से बच रहे जिम्मेदार
एक-दूसरे की जवाबदेही बताकर पीछे हट रहे ट्रैफिक पुलिस व नगर निगम के अधिकारी

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। शहर की सड़कों पर दौड़ रहे चार-पहिया वाहनों में जहां प्रतिबंधित काली फिल्में लगी नजर आ रही हैं, तो वहीं ऑटोमोबाइल एक्सेसरीज की दुकानों में इन्हें धड़ल्ले से लगाया भी जा रहा है। इसके बावजूद यातायात पुलिस और नगर निगम जैसे दो महत्वपूर्ण विभाग एक-दूसरे की जवाबदेही बताकर कार्रवाई करने से पीछे हट रहे हैं। यही वजह है कि आम नागरिकों में तीखा आक्रोश भी बढ़ने लगा है। उनका आरोप है कि यदि अधिकारियों की यह लापरवाही यूं ही बरकार रही तो मोटर व्हीकल एक्ट के नियमों का उल्लंघन होने के साथ लोगों की सुरक्षा पर भी लगातार खतरा मंडराता रहेगा। इसलिए संबंिधत विभागों को संयुक्त कार्रवाई जल्द शुरू करनी चाहिए।

सबकुछ जानकर भी खामोश हैं जिम्मेदार

गौरतलब है कि शहर के सिविक सेंटर, रसल चौक, नागरथ चौक, ब्लूम चौक, बल्देवबाग, अधारताल और घमापुर आदि इलाकों में वाहन एक्सेसरीज की दो दर्जन से ज्यादा दुकानें संचालित हो रही हैं। इन शॉप्स में अन्य सामग्रियों के साथ ही काली फिल्में भी चारपहिया वाहनों में लगाई जाती हैं। इतना ही नहीं पिछले कुछ समय से ऐसी दुकानों की तादाद लगातार बढ़ती जा रही है। ट्रैफिक पुलिस और नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा इन क्षेत्रों से रोजाना निकलने के बावजूद वाहनों में काली फिल्में लगाने वालों पर कोई ठोस कार्रवाई अभी तक शुरु नहीं की गई है।

एक-दूसरे की जिम्मेदारी बताकर हट रहे पीछे

यातायात डीएसपी बैजनाथ प्रजापति से बात की गई, तब उनका कहना था कि सड़कों पर खड़े वाहन अथवा दौड़ रही कारों पर यदि काली फिल्में उन्हें नजर आती हैं, तब वे उनके खिलाफ चालानी कार्रवाई कर संबंधित चालकों को कड़े दिशा-निर्देश देते हैं, लेकिन दुकानों पर कार्रवाई करना उनके अधिकार क्षेत्र में नहीं आता और यह कार्रवाई नगर निगम की टीम द्वारा ही की जा सकती है।

वहीं जब नगर निगम बाजार विभाग के अधिकारी राजेन्द्र दुबे से बात की गई तो उनका कहना था कि अभी दूसरी तरह कई कार्रवाइयां निगम द्वारा पूरी की जा रही हैं। इसलिए कुछ समय बाद ही ऐसी दुकानों के खिलाफ कार्रवाई शुरू की जा सकेगी। इस तरह अधिकारियों द्वारा स्वयं ही ब्लैक फिल्म लगाने वालों को बख्शा जा रहा है।

उदासीनता के चलते बढ़ रहा आक्रोश

दो विभागों द्वारा काली फिल्में लगाने वाले दुकान संचालकों के साथ ही संबंिधत वाहन मालिकों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से लोगों में तीखा आक्रोश बढ़ता जा रहा है। उनका आरोप है कि वाहनों में काली फिल्में लगवाना सुप्रीम कोर्ट और मोटर व्हीकल एक्ट के नियमों का खुला उल्लंघन है।

इस बीच सिविक सेंटर में गुरुवार को काली फिल्म लगी कार क्रमांक एमपी-20-सीजे-2105 दौड़ती देखी गई। वहीं करमचंद चौक पर भी काले रंग की कार क्रमांक एमपी-20-सीई-5994 में काली फिल्म लगी देखकर क्षेत्रीय जनों ने पुलिस अधिकारियों को शिकायत कर कड़ी कार्रवाई की मांग की।

Created On :   24 July 2026 4:49 PM IST

Tags

Next Story