जबलपुर न्यूज: एक दर्जन दुकानों में खाद्य विभाग की दबिश, खाेवा व पेड़ा के सेम्पल लिए

डिजिटल डेस्क जबलपुर।
त्यौहार के मददेनजर खाद्य सामग्री में मिलावट की संभावना एवं दूषित खाद्य सामग्री के विक्रय पर सख्ती से रोक लगाने कलेक्टर अरूण कुमार विश्वकर्मा के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में रविवार को विभाग ने एक दर्जन दुकानों की जांच कर खोवा व पेड़ा के सेम्पल लिए है, जिन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है।
इस संबंध में खाद्य सुरक्षा अधिकारी अमित गुप्ता ने बताया कि कलेक्टर द्वारा त्यौहार को देखते हुए मिष्ठान विक्रय के साथ ही निर्माण स्थल पर सख्ती से जांच के निर्देश दिए है। जिसके चलते रविवार को अवकाश के दिन भी टीम ने जिलें कई दुकानों में जांच कर खोवा व पेडा के सेम्पल लिए है।
उन्होंने बताया कि शिकायत प्राप्त होने पर मेडिकल के समीप स्थित बड़कुल स्वीट्स का निरीक्षण कर मिलावट की आशंका पर शरद पूर्णिमा पर विक्रय के लिए बनाए गए पेड़ों के दो नमूने लिए गए। इसी प्रकार खोवा मंडी स्थित खोवा की छह दुकानों जांच तथा चुंगी नाका आईटीआई स्थित शरद पूर्णिमा के पेड़े बेचने वाली चार दुकानों का भी निरीक्षण किया गया। इनमें खोवा मंडी स्थित पंकज खोवा भंडार, जैन खोवा, मोदी खोवा और महावीर दूध भंडार से मावा एवं पेड़े के 6 सैंपल तथा चुंगी नाका स्थित मनीष नेमा पाटन वाले से पेड़े का सैंपल लिया गया। सभी नमूने जांच हेतु राज्य खाद्य प्रयोगशाला भोपाल भेजे जा रहे हैं।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी अमित गुप्ता ने बताया कि खाद्य सामग्री के सभी विक्रेताओं को स्वच्छता एवं गुणवत्ता पूर्ण खाद्य सामग्री संग्रह विक्रय करने के सख्त निर्देश दिए है तथा लाइसेंस की शर्तों का उल्लंघन पाए जाने पर दंडात्मक कारवाई की चेतावनी दी गई है।
Created On :  
