- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- दो नये प्लेटफाॅर्म की प्रोसेस में...
Jabalpur News: दो नये प्लेटफाॅर्म की प्रोसेस में फिर अड़ंगा, अपग्रेडेशन भी टला

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। मुख्य रेलवे स्टेशन का कायाकल्प करने लगभग साढ़े 3 साल पहले योजना बनी थी और इसके लिए 499 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया था। प्लेटफाॅर्म नंबर 1 से लेकर 6 तक का पुनर्विकास और दो नये प्लेटफाॅर्म बनाने का प्रस्ताव था। यह मामला दो साल तक अटका रहा जिसके बाद बजट में कटौती कर दी गई।
वहीं 6 प्लेटफाॅर्म की जगह दो नये प्लेटफाॅर्म और बनाने 247 करोड़ का बजट पास हुआ। एक साल तक रेलवे के अधिकारी इसमें हीला-हवाली बरतते रहे। जैसे-तैसे टेंडर प्रक्रिया शुरू हुई और फाइनल स्टेज में पहुंच गई फिर न जाने क्या हुआ टेंडर ही निरस्त हो गया।
दूसरी बार फिर जैसे-तैसे प्रक्रिया शुरू हुई और 9 लोग आए भी लेकिन इस बार भी दस्तावेज पूरे न होने से टेक्निकल बिड में ही ये बाहर हो गये और फिर से टेंडर निरस्त हो गया। अब फिर से रेलवे को पूरी कवायद करनी पड़ेगी। वहीं जितना समय बीतता जाएगा कंस्ट्रक्शन की लागत बढ़ती जाएगी और लेटलतीफी से रेलवे के साथ ही यात्रियों की परेशानी भी बढ़ेगी।
एयरपाेर्ट की तर्ज पर होना है विकसित
रेलवे स्टेशन को एयरपोर्ट की तर्ज पर विकसित करने की बात कही जा रही है लेकिन रेलवे के अधिकारियों ने प्लेटफाॅर्म नंबर एक की तरफ दो नये प्लेटफाॅर्म बनाने की डिजाइन फाइनल करने में ही महीनों लगा दिये थे। टेंडर प्रक्रिया शुरू भी हुई लेकिन वह भी दो बार निरस्त हो चुकी है। अब फिर टेंडर निकलेंगे, एजेंसी तय होगी उसके बाद काम शुरू हो पाएगा।
नये प्लेटफाॅर्म पर 24 कोच की ट्रेन खड़ी हो सके उसके अनुसार निर्माण कार्य होना है। जिसमें जीआरपी स्टेशन के सामने बने प्लेटफाॅर्म क्रमांक एक-ए का विस्तार कटनी एंड पर पार्सल कार्यालय की लाइन तक करके एक नया प्लेटफाॅर्म बनेगा। इसके साथ ही यहां दूसरा प्लेटफाॅर्म बनेगा, जिसके लिए अभी जो बिल्डिंग बनी है उसमें तोड़-फोड़ होगी।
नई ट्रेनें चलाने को लेकर परेशानी
मुख्य रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों और यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ रही है। मुख्य स्टेशन से लगभग दो सैकड़ा ट्रेनें चलती हैं, वहीं लंबी दूरी की स्पेशल ट्रेनों की संख्या भी लगातार बढ़ रही है। प्लेटफाॅर्म न होने से ट्रेनों को चलाने और स्टाॅपेज में परेशानी होती है। इसी तरह रेलवे के पास कोच खड़े करने की भी जगह नहीं है। यही वजह है कि नई ट्रेनें जबलपुर से नहीं चल पा रही हैं। इसके लिए स्टेशन में 6 से बढ़ाकर प्लेटफाॅर्म की संख्या 8 करना है लेकिन यह काम लगातार अटक रहा है।
मुख्य रेलवे स्टेशन में दो नये प्लेटफॉर्म के विस्तार को लेकर टेंडर प्रक्रिया चल रही थी लेकिन टेक्निकल बिड में ही सभी बाहर हो गये जिससे यह निरस्त हो गये हैं। इस मामले में आगे एक बार फिर से टेंडर की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
-डाॅ. मधुर वर्मा, सीपीआरओ पमरे
Created On :   21 Aug 2026 5:25 PM IST











