Jabalpur News: टेलीकॉम क्लस्टर खुलने से युवाओं को मिलेगा रोजगार, विकास को गति

जनप्रतिनिधियों का कहना है कि जब केंद्र सरकार इस क्षेत्र में 100 प्रतिशत वित्तीय सहायता उपलब्ध करा रही है।

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। जबलपुर में टेलीकॉम क्लस्टर और मैन्युफैक्चरिंग यूनिट स्थापित करने की मांग तेज हो गई है। जनप्रतिनिधियों का कहना है कि केंद्र सरकार द्वारा टेलीकॉम क्षेत्र में 100 प्रतिशत वित्तीय सहायता दिए जाने की व्यवस्था का लाभ जबलपुर को भी मिलना चाहिए। इससे शहर में टेलीकॉम हब विकसित होने के साथ युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।

इसको लेकर नागरिक उपभोक्ता मार्गदर्शक मंच ने सांसद आशीष दुबे एवं विधायक अजय विश्नोई को बताया कि टेलीकॉम क्लस्टर रिछाई औद्योगिक क्षेत्र में खाली पड़ी भूमि पर बनाया जा सकता है। वहां विभाग की करीब 35 एकड़ खाली पड़ी भूमि का उपयोग भी हो सकेगा। जनप्रतिनिधियों का कहना है कि जब केंद्र सरकार इस क्षेत्र में 100 प्रतिशत वित्तीय सहायता उपलब्ध करा रही है, तो जबलपुर में भी टेलीकॉम क्लस्टर को मंजूरी दिलाने के प्रयास किए जाने चाहिए।

इसको लेकर जबलपुर के सांसद श्री दुबे और विधायक श्री विश्नोई ने केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से विस्तृत चर्चा करने का आश्वासन दिया है। बातचीत के दौरान डॉ. पीजी नाजपांडे ने बताया कि प्रस्तावित टेलीकॉम क्लस्टर एवं मैन्युफैक्चरिंग यूनिट में राउटर, एंटीना, ऑप्टिकल फाइबर और चिप्स जैसे महत्वपूर्ण दूरसंचार उपकरणों के घरेलू विनिर्माण को बढ़ावा दिया जा सकता है। इस अवसर पर रजत भार्गव, टीके रायघटक, डीके सिंह, संतोष श्रीवास्तव, यशवंत कोष्टा, डॉ. एमएलबी राव उपस्थित रहे।

Created On :   21 Aug 2026 6:11 PM IST

Tags

Next Story