- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- डीजल पर्ची के लिए 3 घंटे लगी रहीं...
Jabalpur News: डीजल पर्ची के लिए 3 घंटे लगी रहीं वाहनों की कतारें, सफाई व्यवस्था ठप

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। नगर निगम की सफाई व्यवस्था का कामकाज हर दिन सुबह 7 बजे से शुरू हो जाता है। इसके लिए डोर टू डोर, सार्वजनिक स्थान और डम्पिंग प्वाॅइंट से कचरा एकत्रीकरण के कार्य के लिए कचरा गाड़ियां शहर के सभी वार्डों में पहुंच जाती हैं लेकिन नगर निगम स्टोर विभाग की लापरवाही के कारण विगत तीन दिन से शहर की सफाई व्यवस्था चरमराई हुई है। इसी बात को लेकर बुधवार की सुबह नगर निगम के डीजल पंप में जमकर हंगामा भी हुआ।
दरअसल नगर निगम के सभी कार्यों के लिए उपयोग होने वाले वाहनों में डीजल भरवाने के लिए पर्चियां आवंटित होती हैं, जिसके बाद निगम के पंप से डीजल दिया जाता है लेकिन पिछले तीन दिनों से पर्ची काउंटर पर एक ही ऑपरेटर उपलब्ध कराया जा रहा था, जिसके कारण कचरा गाड़ियों के साथ जेसीबी, मिनी हिटाची, टैंकर समेत अन्य सभी वाहनों को लंबा इंतजार करना पड़ रहा था। इधर वार्डों में कचरा गाड़ियां नहीं पहुंचने से लगातार शिकायतें भी पहुंच रही थीं। करीब 10 बजे कचरा गाड़ियों को पर्ची के बाद डीजल मिला और फिर वे वार्डों में रवाना हुईं।
हंगामे के बाद पहुंचे अफसर, दो ऑपरेटर बढ़ाए गए
कचरा गाड़ियों के देर से पहुंचने की शिकायत मिलने पर ननि के नेता प्रतिपक्ष अमरीश मिश्रा भी स्टोर विभाग पहुंच गए, जिसके बाद जमकर हंगामा हुआ। श्री मिश्रा ने आरोप लगाया कि कचरा गाड़ियों के साथ जल विभाग और पीडब्ल्यूडी के जरूरी निर्माण कार्यों में लगी गाड़ियां और मशीनें भी समय पर डीजल न मिलने के कारण देरी से पहुंच रही हैं और अधिकारी गोलमोल जवाब देते रहते हैं।
उन्होंने बताया कि जब वे पर्ची वितरण काउंटर पहुंचे तो वहां सिर्फ एक ऑपरेटर बैठा मिला, इसके बाद हंगामे की सूचना मिलने पर एक अधिकारी के साथ दो ऑपरेटर भेजे गए और फिर काम तेजी से हुआ। फिर भी हालात को सामान्य होेने में काफी समय लग गया।
इसलिए बढ़ी अव्यवस्था
डीजल पर्ची को लेकर हो रही लेटलतीफी के संबंध में नगर निगम के कार्यपालन यंत्री भंडार जीएल मरावी का कहना है कि उनकी तरफ से स्वास्थ्य, जल, पीडब्ल्यूडी समेत लगभग हर विभाग के अधिकारियों को सूचना दी जा चुकी है कि वे अपने विभाग की गाड़ियों में डीजल भराने की प्रक्रिया एक दिन पूर्व ही सुनिश्चित कर लें, ताकि समय पर काम हो सके लेकिन विभागों की तरफ से ध्यान नहीं देने के कारण यह अव्यवस्था बनी है।
अब सवाल ये उठता है कि शहर की सफाई व्यवस्था हो या जनहित से जुड़े दूसरे सभी कार्य इसके लिए निगम प्रशासन का दावा रहता है कि हर काम टीम मैनेजमेंट के साथ समय सीमा पर किए जाते हैं, तो किस स्तर पर और क्यों लापरवाही बरती जा रही है।
Created On :   21 Aug 2026 6:07 PM IST











