- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- काली फिल्म और सफेद हेडलाइट लगी...
jabalpur news: काली फिल्म और सफेद हेडलाइट लगी कारों में ढुल रहा अवैध मादक पदार्थ

प्रतिनिधि, जबलपुर
शहर में इन दिनों काली फिल्म और सफेद हेडलाइट (हाई-इंटेंसिटी) वाली कारों का इस्तेमाल, तस्कर अवैध मादक पदार्थों का परिवहन करने में भी कर रहे हैं। ऐसा ही कुछ बीते 30 जून की रात को भी सामने आया। जब काली फिल्म के साथ ही तेज रोशनी वाली सफेद एलईडी युक्त हेडलाइट कार को गढ़ा पुलिस ने रोका, तब इसके अंदर भारी मात्रा में अवैध शराब भरी हुई थी। इसके अलावा त्रिपुरी चौक पर भी ऐसा ही एक वाहन बीते दिनों पकड़ा जा चुका है, िजसमें काली फिल्म की आड़ में कुछ लोग गांजा भरकर ले जा रहे थे। इसे देखते हुए अब यह जरूरी हो चला है कि सड़कों पर दौड़ने वाले इस तरह के चारपहिया वाहनों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई शुरू की जाए।
पुलिस से बचने के लिए चुना था अस्पताल वाला रास्ता -
जानकारों ने बताया कि 30 जून की रात गढ़ा थाने को यह सूचना मिली कि सफेद रंग की कार क्रमांक एमपी 20 टीए 1063 में सवार दो लोग धनवंतरि नगर से 140 पाव अवैध शराब और हथियार लेकर शास्त्री नगर की ओर जा रहे हैं। इस दौरान पुलिस से बचने के लिए उन्होंने मुख्य रास्ते की बजाय मेडिकल कॉलेज अस्पताल के पीछे वाले मार्ग को चुना। इस पर तत्काल पुलिस टीम ने जब घेराबंदी कर उक्त कार को रोका, तब अंदर बैठे परसवाड़ा तथा संजीवनी नगर निवासी दो युवकों ने कार में भरा मादक पदार्थ पुलिस को सौंप दिया। इस दौरान उन्होंने यह भी बताया कि पिछले कई दिनों से वे काली फिल्म लगी कार में ही मादक पदार्थ का परिवहन चोरी-छिपे कर रहे हैं।
नियमित रूप से अभियान चलाना जरूरी -
शहर में हमेशा से काली फिल्म लगी कारों और सफेद हेडलाइट वाले वाहनों के माध्यम से अवैध गतिविधियों के मामले उजागर होते रहे हैं। ऐसे में यह बेहद जरूरी हो चुका है कि पुलिस व आरटीओ द्वारा नियमित तौर पर अभियान चलाकर सभी सफेद हेडलाइट व काली फिल्म लगी कारों को जब्त कर उनकी जांच की जाए। यदि ऐसा होता है तो शहर में इस तरह की मादक सामग्री का परिवहन आसानी से रोका जा सकेगा। वहीं इस संबंध में डीएसपी ट्रैफिक बैजनाथ प्रजापति का कहना है कि लगातार विभिन्न क्षेत्रों में घेराबंदी कर काली फिल्म लगी कारों को जब्त किया जा रहा है।
Created On :   14 July 2026 5:31 PM IST












