jabalpur news: कॉलोनियों से लेकर हाईवे तक चकाचौंध वाली हेड लाइट्स का कहर

कॉलोनियों से लेकर हाईवे तक चकाचौंध वाली हेड लाइट्स का कहर

जबलपुर

शहर में बरसात का मौसम आते ही जहां अधिकांश सड़कों पर लगीं स्ट्रीट लाइटें बंद होने लगी हैं। वहीं मुख्य मार्गों पर काली फिल्म व सफेद एलईडी हेडलाइट युक्त तेज रफ्तार कारें बेखौफ होकर फर्राटा भर रही हैं। यही वजह है कि जब-तब ये वाहन आम लोगों को काल-कवलित कर रहे हैं। ऐसे समय में भी यातायात पुलिस तथा आरटीओ के जिम्मेदार हाथ पर हाथ धरे बैठे हुए हैं। इसी के चलते पॉश इलाकों से लेकर हाईवे क्षेत्रों तक में काली फिल्म व सफेद हेडलाइट युक्त वाहन लगातार दौड़कर बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक के लिए खतरा बने हुए हैं।

कई इलाकों की बंद पड़ी हैं स्ट्रीट लाइटें -

शहर में पिछले दिनों हुई बारिश के कारण पर्यटन चौक, मालगोदाम, कांचघर, सतपुला, रांझी, विजय नगर, गढ़ा, करमेता आदि इलाकों में लगी कई स्ट्रीट लाइटें जवाब दे चुकी हैं। क्षेत्रीयजनों की शिकायतों के बावजूद नगर निगम व विद्युत विभाग इनका सुधार कार्य नहीं करवा पा रहा है। इसी बीच इन घुप अंधेरे वाले इलाकों में रसूखदारों द्वारा बेलगाम गति से अपनी तेज सफेद एलईडी हेडलाइट वाले चारपहिया वाहनों को पूरी दबंगई के साथ दौड़ाया जा रहा है। इस दौरान वे यह भी फिक्र नहीं करते कि सड़कों पर पसरे अंधेरे में कोई मासूम सामने आकर घायल भी हो सकता है। उनकी इसी उदासीनता के कारण जब-तब गंभीर वाहन दुर्घटनाएं भी निरंतर सामने आ रही हैं।

Created On :   13 July 2026 3:34 PM IST

Tags

Next Story