Jabalpur News: जल भराव वाले क्षेत्र में बरसा 4 इंच पानी, जल्द बुझेगी बरगी बांध की प्यास

जल भराव वाले क्षेत्र में बरसा 4 इंच पानी, जल्द बुझेगी बरगी बांध की प्यास
शहर में गरज के साथ हुई हल्की बारिश, वहीं डिण्डौरी-मवई क्षेत्र में शुरू हुआ वर्षा का दौर, अगले 24 घंटे में बदल जाएगा बांध का दृश्य

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। शहर के आसपास आसमान में हवा के कम दबाव का क्षेत्र बन रहा है। इसके प्रभाव से बादल छाए और दोपहर में हल्की बारिश भी हुई। वहीं दो दशक बाद सबसे निचले जल स्तर तक पहुंच चुके बरगी बांध को अब जल्द राहत मिलने के भी संकेत मिले हैं।

मौसम विभाग के अनुसार मण्डला के आसपास सक्रिय हुए मानसून से बांध के जल भराव वाले क्षेत्र में बादल जमकर बरसे। सबसे ज्यादा पानी डिण्डौरी में गिरा, यहां पर लगभग 4 इंच के करीब बारिश हुई। इसके बाद मनोट में भी 3 इंच बादल बरसे। जल भराव वाले लगभग सभी स्टेशनों पर पानी गिरा।

मंगलवार को जो बारिश हुई इसका पानी बांध में अगले 24 घंटे बाद आकर जमा होगा। बताया गया है कि मण्डला के ब्रिज में नर्मदा का जल स्तर 432.83 मीटर पर है।

पहले जल स्तर बढ़ेगा और बरगी के करीब जाते ही इसमें पानी नीचे जाएगा। बांध का जल प्रबंधन देखने वाले राजा राम रोहित के अनुसार मानसून सक्रिय होते ही अब अगले कुछ दिनों के अंदर बरगी बांध का जल स्तर बढ़ना शुरू हो जाएगा।

बांध में कहां से आता है पानी

बांध में जबलपुर के हिस्से में होने वाली बारिश का पानी नहीं भरता। जबलपुर एरिया के केवल बरगी नगर का पानी बांध में भरता है। मण्डला, डिण्डौरी, मनोट, मवई, मुक्की, मोहगांव, बम्हनी बंजर सहित कुल 8 क्षेत्रों का पानी बांध में आकर जमा होता है।

दक्षिण-पश्चिमी हवाएं सक्रिय

इधर शहर में दिन में गरज के साथ हल्की बारिश हुई। इस बारिश के बाद उमस भरी गर्मी ज्यादा महसूस हुई। शहर में मंगलवार को अधिकतम तापमान 32 डिग्री दर्ज किया गया, यह सामान्य से 4 डिग्री कम रहा। न्यूनतम तापमान 25.2 डिग्री दर्ज किया गया, यह सामान्य रहा। शहर के आसपास अभी दक्षिण-पश्चिमी हवाएं सक्रिय हैं। अगले 24 घंटे में शहर और आसपास गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है।

Created On :   1 July 2026 3:28 PM IST

Tags

Next Story