Jabalpur News: दो महीने से नहीं मिला वेतन, हड़ताल पर गए सफाई कर्मी, कई वार्डों में व्यवस्था ठप

दो महीने से नहीं मिला वेतन, हड़ताल पर गए सफाई कर्मी, कई वार्डों में व्यवस्था ठप
कॉलोनियों में नहीं पहुंचीं कचरा गाड़ियां, विपक्ष ने भी निगम प्रशासन को घेरा

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। ठेका कंपनी में काम करने वाले सफाई कर्मियों ने मंगलवार की सुबह अचानक हड़ताल कर दी। कर्मचारियों का आरोप था कि 2 माह से ठेका कंपनी वेतन देने में आनाकानी कर रही है, जिसके कारण उनके परिवार का भरण-पोषण नहीं हो पा रहा है।

कर्मचारियों की अचानक शुरू हुई हड़ताल से संभाग क्रमांक 5, 13, 14 के वार्डों में सफाई व्यवस्था पूरी तरह ठप रही और आम जनता परेशान हुई। इस दौरान कछपुरा, यादव काॅलोनी, राइट टाउन, विजय नगर समेत अन्य इलाकों में जगह-जगह कचरे के ढेर लगे रहे और गंदगी बनी रही।

हालांकि निगम प्रशासन ने हड़ताल को देखते हुए संविदा सफाई कर्मियों के साथ मुख्यालय में तैनात कर्मियों को ड्यूटी पर लगाकर सफाई का काम कराया। इसके अलावा स्वास्थ्य विभाग ने ठेका कंपनी के संचालकों से वेतन भुगतान में विलम्ब को लेकर स्पष्टीकरण भी मांगा है।

ठेका कंपनी से मांगा स्पष्टीकरण

नगर निगम के स्वास्थ्य अधिकारी अभिनव मिश्रा का कहना है कि ठेका कंपनी में कार्यरत कर्मियों ने वेतन न मिलने की शिकायत करते हुए हड़ताल की थी, जिसको लेकर ठेका कंपनी से स्पष्टीकरण मांगा गया है। कंपनी ने जल्द ही भुगतान का आश्वासन भी दिया है।

निगम में तैनात संविदा सफाई कर्मियों के साथ मुख्यालय के कर्मियों को भी सफाई में लगा दिया गया था, कुछ देर के लिए अव्यवस्था हुई लेकिन बाद में नियमित सफाई हो गई थी।

डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन फेल, लोग परेशान

सफाई कर्मियों की हड़ताल और डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन को लेकर विपक्ष ने नगर सत्ता के साथ निगम प्रशासन को घेरते हुए आरोप लगाए हैं कि कचरा गाड़ियां कई-कई दिनों तक रहवासी एरियाें में नहीं पहुंच रही हैं, जिसके कारण शहर के हर इलाके में कचरे के ढेर और गंदगी का माहौल बना हुआ है।

नेता प्रतिपक्ष अमरीश मिश्रा व पूर्व पार्षद जितिन राज, मनीष रजक, आकाश श्रीवास्तव, अंकित मिश्रा व अन्य ने विजय नगर की काॅलोनियों में निरीक्षण करने के बाद बताया कि स्वच्छता व्यवस्था को लेकर नगर निगम के दावों पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं।

महाराजा अग्रसेन वार्ड में स्थित युवराज होटल के आसपास सड़क किनारे और सार्वजनिक स्थानों पर बड़ी मात्रा में कचरा फैला हुआ मिला। कई स्थानों पर लंबे समय से कचरा नहीं उठाए जाने के कारण दुर्गंध फैल रही थी, जिससे क्षेत्रवासियों में नाराजगी देखने को मिली।

तीन पत्ती में कचरा फेंककर जताया आक्रोश

वेतन न मिलने से नाराज महिला सफाई कर्मियों ने मंगलवार की सुबह तीन पत्ती चौक पर पहुंचकर ठेका कंपनी के साथ निगम अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए चौराहे पर कचरा फैलाकर आक्रोश जताया।

महिला कर्मियों का आरोप है कि अप्रैल माह में उन्हें दो से तीन महीने का वेतन देने के बाद कंपनी द्वारा नियमित वेतन देने की बात कही गई थी, लेकिन मई के बाद जून महीने का भी अब तक नहीं दिया गया, जिसके कारण उनके परिवारों के भरण-पोषण में परेशानियां हो रही हैं।

Created On :   1 July 2026 3:11 PM IST

Tags

Next Story