- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- जगह-जगह नजर आए नियम तोड़ते वाहन,...
Jabalpur News: जगह-जगह नजर आए नियम तोड़ते वाहन, यातायात पुलिस व आरटीओ के जिम्मेदारों को नहीं दिख रही ये मनमानी

Jabalpur News: शहर में कुछ चार-पहिया वाहन चालकों द्वारा किस तरह से मोटर व्हीकल एक्ट का मखौल उड़ाया जा रहा है इसका जीता-जागता उदाहरण करमचंद चौक जैसे भीड़भाड़ वाले इलाके में उस वक्त देखने को मिला जब एक काले रंग की कार के तमाम शीशों पर जहां ब्लैक फिल्म लगी नजर आई, इसके अलावा सामने की ओर सफेद रंग की एलईडी लाइट भी चकाचौंध करती रही। इस दौरान आसपास मौजूद लोग यह नजारा देखकर खासे चिंतित हो उठे, लेकिन शिकायतों के बावजूद यातायात पुलिस व आरटीओ के जिम्मेदारों का कुछ पता नहीं रहा। इसी तरह दमोहनाका फ्लाईओवर, बल्देवबाग व दीनदयाल चौक के आसपास भी कई वाहन चालक नियमों का मखौल उड़ाते हुए नजर आए। नागरिकों का कहना है कि इस तरह के वाहनों से हादसों का खतरा रहता है। इन पर वैधानिक तौर पर कार्रवाई होनी चाहिए।
तेज रफ्तार से दौड़ाता रहा कोई रसूखदार -
प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो बीते दिवस करमचंद चौक में ब्लैक फिल्म लगी काली कार बेखौफ होकर सड़क पर दौड़ती रही। भीड़भाड़ वाले इस क्षेत्र में कार की तेज रफ्तार को देखकर लोग यही कह रहे थे कि संभवत: इस वाहन को कोई रसूखदार दौड़ा रहा है। इतना ही नहीं कार के शीशों पर लगी ब्लैक फिल्म और सामने लगी सफेद रंग की एलईडी लाइट से लोगों में आक्रोश भड़क उठा। उनका आरोप था कि ऐसे वाहन न केवल सुरक्षा के लिए ही खतरा हैं, बल्कि संबंिधत चालक यातायात नियमों की भी अवहेलना कर रहे हैं।
नियमों का उल्लंघन है ब्लैक फिल्म लगवाना -
जानकारों के अनुसार मोटर वाहन नियमों के तहत निर्धारित सीमा से अधिक काली फिल्म का उपयोग प्रतिबंधित है। इसके बावजूद शहर की सड़कों पर ऐसे वाहन खुलेआम दौड़ते नजर आ रहे हैं। करमचंद चौक जैसे संवेदनशील और व्यस्त क्षेत्र में इस तरह की कार का घूमना लोगों के बीच चर्चा और नाराजगी का विषय बन गया। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि नियमों के उल्लंघन के बावजूद ऐसे वाहनों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से वाहन चालकों के हौसले बुलंद हैं।
नियम तोड़ने वालों पर हो कड़ी कार्रवाई -
कार चालक की मनमानी को देखते हुए क्षेत्रीयजनों का कहना था कि यातायात पुलिस व आरटीओ को विशेष अभियान चलाकर ब्लैक फिल्म लगे वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी चाहिए। इसके लिए नियमित चेकिंग अभियान चलाकर यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराना चाहिए। यदि नियम तोड़ने वालों पर समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो इससे आम जनता की सुरक्षा पर सवाल खड़े होंगे। वहीं इस संबंध में डीएसपी ट्रैफिक बैजनाथ प्रजापति का कहना था कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कार चालक की तलाश शुरू कर दी गई है।पी-4
Created On :   4 July 2026 3:33 PM IST















